कांग्रेस के आला कमान की चुप्पी से दावेदारों के उत्साह पर फिरा पानी
कांग्रेस पार्टी में हस समय काफी उहापोह की स्थिति बनी हुई है। यही कारण है जिला कमेटियों में दावेदार भी काफी परेशान हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। कभी देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा रखने वाली काग्रेस पार्टी डेढ़ माह बाद भी जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष की तलाश पूरी नहीं कर सकी है। पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्वविहीन है जबकि प्रदेश कार्यकारिणी समेत सभी इकाईया भंग हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष चुनने की जिम्मेदारी पार्टी के विधान मंडल दल के नेता अजय कमार लल्लू को सौंपी गई है। जिला व महानगर अध्यक्ष के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है लेकिन पार्टी के आला कमान की चुप्पी ने दावेदारों के उत्साह पर पानी फेर दिया है।
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उप्र प्रभारी प्रियंका वाड्रा नई दिल्ली में पूर्वी उत्तर प्रदेश के जनपदीय स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रही हैं। कार्यकर्ताओं से मिलने का मकसद जनपद स्तर पर होने वाली गतिविधियों से अवगत होना है। कार्यकर्ता भी प्रियंका से अपनी बात खुलकर कह रहे हैं। उनकी बातों को नोट भी किया जा रहा है। मुलाकात के बाद इसी आधार पर जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के चयन पर विचार किया जाएगा। इनकी प्रक्रिया में एक माह से भी अधिक का समय लगने की उम्मीद है।
15 सिंतबर तक हो जाएगा चयन : अजय लल्लू
कांग्रेस पार्टी के विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू के मुताबिक कार्यकर्ताओं से मिलने-जुलने का क्रम जारी है। यह प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी हो जाने की उम्मीद है। जिन जिलों में कार्यकर्ताओं की प्रियंका गांधी से मुलाकात हो चुकी है वहां के दावेदारों की सूची तैयार कराई जा रही है। सूची तैयार होने के बाद जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के नाम तय किए जाने हैं। यह प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप