राजकिशोर के कांग्रेस प्रत्याशी बनने से बदला चुनावी परिदृश्य
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के कांग्रेस प्रत्याशी बनकर मैदान में आने से चुनावी परिदृश्य बदल गया है। भाजपा ने सांसद हरीश द्विवेदी पर दोबारा दांव लगाया है।
बस्ती, जेएनएन। पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के कांग्रेस प्रत्याशी बनकर मैदान में आने से चुनावी परिदृश्य बदल गया है। भाजपा ने सांसद हरीश द्विवेदी पर दोबारा दांव लगाया है। जबकि बसपा के लोकसभा प्रभारी पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी का सपा-बसपा गठबंधन से प्रत्याशी होना तय है। ऐसे में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की चर्चा है। पूरे कुनबे के साथ राजकिशोर सिंह के कांग्रेस में शामिल होते ही उनके समर्थकों का उत्साह बढ़ गया था। शनिवार को कांग्रेस ने टिकट भी घोषित कर दिया। समर्थक सोशल मीडिया पर स्वागत और बधाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने पहले यह सीट जनअधिकार पार्टी को दी थी। बाबू सिंह कुशवाहा ने चंद्रशेखर सिंह को अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया था। पार्टी के इस फैसले से कांग्रेसी काफी नाराज थे। इनका कहना था पार्टी ने चुनाव की तैयारी की है। किसी कार्यकर्ता को ही चुनाव लड़ाया जाए। विरोध प्रदर्शन के बाद शीर्ष नेतृत्व ने बात मानते हुए सपा-बसपा और भाजपा को कड़ी टक्कर देने वाला प्रत्याशी उतार दिया है।
राजकिशोर के दल छोडऩे की चर्चाएं तभी शुरू हो गई थी जब सपा से गठबंधन के बाद यह सीट बसपा के खाते में चली गई थी। अगले ही दिन पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी को बसपा ने लोकसभा का प्रभारी घोषित कर दिया। उस समय सीट बदले जाने को लेकर राजकिशोर ने पहले खूब जोर आजमाइश की लेकिन जब बात नहीं बनी तो बगावत का बिगुल बजा दिया। हर्रैया विधान सभा से तीन बार विधायक और तीन बार मंत्री रह चुके राजकिशोर सिंह वर्ष 2017 का विधान सभा चुनाव मोदी और योगी लहर में हार गए।
15 को दिखाएंगे दम
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह 15 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार बस्ती आएंगे। इस दिन वह रोड शो करेंगे। इसकी तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही है। समर्थक वाट्सएप से लेकर फेसबुक एवं अन्य सोशल साइट्स पर एक दूसरे को ऐतिहासिक स्वागत के लिए जनपद की सीमा घघौआ पर पहुंचने की अपील कर रहे हैं।