यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM Yogi Adityanath से शिकायत के बाद जागी पुलिस, गोरखपुर में दर्ज हुआ लूट का मुकदमा
गोरखपुर पुलिस आपराधिक मामलों को दर्ज करने में लगातार लापरवाही कर रही है। ताजा मामला लूट का है जिसमें पुलिस ...और पढ़ें

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लूट का एक मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में आने के बाद गुलरिहा पुलिस ने कार्यवाई की है। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध घर में घुसकर लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के लंगड़ी गुलरिहा के रहने वाले टेराकोटा शिल्पकार राजन प्रजापति ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलकर गुहार लगाई तो बुधवार की देर रात गुलरिहा पुलिस ने तीन के विरुद्ध घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
शिल्पकार राजन प्रजापति टेराकोटा के कलाकृतियों का कारोबार करते हैं । टेराकोटा की कलाकृति बनाने वाले औरंगाबाद के भरवलियां निवासी अनिल , नंदलाल व अशोक 26 जुलाई को लंगड़ी गुलरिहां में स्थित राजन प्रजापति के वर्कशेड पर पहुंचे ।
कलाकृतियां बेचने के बदले में राजन प्रजापति से नौ हजार रुपये एडवांस मांगने लगे । राजन प्रजापति द्वारा पहले से एडवांस रुपये होने के कारण दोबारा पैसा देने से असमर्थता जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली गलौज और मारपीट शुरू हो गई ।
तहरीर के मुताबिक आरोपितों द्वारा दस हजार रुपये के टेराकोटा के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया गया । साथ ही उनके भाई के गले से सोने के चेन को भी लूट लिया गया । मामले में जब पीड़ित गुलरिहा थाने पहुंचा तो पुलिस उसे हीलाहवाली करती रही । इसी बीच उल्टे पीड़ित व उसके भाई के विरुद्ध ही एससीएसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। परेशान होकर पीड़ित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गुलरिहा पुलिस ने आनन-फानन में भरवलिया निवासी अनिल, नंदलाल एवं अशोक के विरुद्ध घर में घुसकर मारपीट व लूटपाट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है ।
