युवाओं को माफिया से बचाना जरूरी, भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ सरकार कर रही सख्त कार्रवाई : CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि युवाओं को माफिया से बचाना जरूरी है और सरकार उनके भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
-1786967498895_m.webp)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
HighLights
युवाओं को माफिया प्रवृत्ति से बचाना सरकार की प्राथमिकता।
खिलाड़ियों को नौकरी, खेल इकोसिस्टम मजबूत कर रही सरकार।
नई युवा नीति और स्किलिंग-रोजगार जोन जल्द आएंगे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय प्राइजमनी कुश्ती प्रतियोगिता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल के जरिये विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के एजेंडे में खेल और युवा नहीं थे। युवाओं के हित में काम करने के बजाय उनका दुरुपयोग किया गया। उन्हें माफिया के हवाले कर दिया गया। आज युवा शक्ति को माफिया प्रवृत्ति से बचाने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा माफिया हो, खेल माफिया, नकल माफिया या ड्रग माफिया, किसी भी रूप में युवा के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में खेल संस्कृति बदली है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद और विधायक खेलकूद प्रतियोगिताओं और ग्रामीण लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है।
500 से अधिक खिलाड़ियों को मिली नियुक्ति
योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी दे रही है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है और अगले एक माह में 500 और खिलाड़ियों को नौकरी देने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि सरकार हर गांव में खेल मैदान, हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और हर जिले में स्टेडियम बनाने के साथ खेलों का मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के साथ स्मार्टफोन की लत से भी सावधान किया। उन्होंने कहा कि युवा यदि प्रतिदिन एक घंटा भी शरीर के लिए दें तो स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के साथ देश को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने निजी खेल अकादमियों और पुराने अखाड़ों को भी सरकारी सहयोग देने की बात कही। साथ ही कहा कि प्रदेश की नई युवा नीति जल्द आने वाली है और हर जिले में स्किलिंग एवं रोजगार जोन विकसित किए जाएंगे।
