गोरखपुर में 50 हेक्टेयर भूमि पर बनेगी यूपी की पहली वानिकी यूनिवर्सिटी, सीएम योगी ने किया शिलान्यास
सीएम योगी ने गोरखपुर में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। यह विश्वविद्यालय 50 हेक्टेयर में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दो साल में बनेगा।

कैंपियरगंज में वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करते सीएम योगी। (फोटो- जागरण)
HighLights
सीएम योगी ने गोरखपुर में वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया।
यह विश्वविद्यालय 50 हेक्टेयर भूमि पर 491 करोड़ में बनेगा।
उच्च शिक्षा, अनुसंधान और किसानों के हित को बढ़ावा देगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ उच्च शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा देने के लिए प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास गुरुवार को सीएम ने किया। कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में 491 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्रफल में विश्वविद्यालय का निर्माण होगा। इसे दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
विश्वविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा के क्षेत्र का विस्तार होने के साथ वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन से जुड़े अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा मिलेगा। यहां बीएससी, एमएससी, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
किसानों के हित को ध्यान में रखकर होगा निर्माण
आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर को विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुसंधान, प्रशिक्षण और किसानों के हित से जुड़ी गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह सितंबर 2024 को जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र के लोकार्पण के अवसर पर इसके निर्माण की घोषणा की थी।
प्रदेश कैबिनेट ने सात अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अध्यादेश के प्रारूप को स्वीकृति दी। 22 अप्रैल को शासनादेश जारी किया गया। 17 अगस्त को उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 निर्गत किया गया।
विद्यार्थियों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी विकसित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में यह लोग रहे उपस्थित
विधायक महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, ज्ञानेंद्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह व ध्रुव कुमार त्रिपाठी, रमाकांत निषाद, चारू चौधरी, विनोद राय व जनार्दन तिवारी आदि मौजूद रहे।