सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, अभिनंदन की रिहाई मजबूत इरादों का अभिनव उदाहरण
विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की वतन वापसी को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरकार के मजबूत इरादों का अभिनव उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि देश के जांबाज को पाकिस्तान से तीन दिन के भीतर वतन वापस लाकर केंद्र सरकार ने साबित कर दिया है कि वह खुद तो मजबूत है ही उसके इरादे भी मजबूत हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान की वतन वापसी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के मजबूत इरादों का अभिनव उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि देश के जांबाज को पाकिस्तान से तीन दिन के भीतर वतन वापस लाकर केंद्र सरकार ने साबित कर दिया है कि वह खुद तो मजबूत है ही, उसके इरादे भी मजबूत हैं। सरकार जवानों को संबल देने के साथ किसानों के हितों का भी संवर्धन कर रही है। मुख्यमंत्री के दावों को मजबूत करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने न केवल केंद्र सरकार की योजनाएं गिनाईं बल्कि किसानों को तकनीकी ज्ञान से लैस करने पर भी जोर दिया।
पीपीगंज के चौकमाफी में कृषि मेला और प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने देश के जवानों और किसान हितों में काम करने वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ पूर्ववर्ती सरकार की नाकामियों को भी गिनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिनंदन मामले में सरकार अगर कमजोर होती तो गिड़गिड़ाती नजर आती। मजबूत इरादों वाली सरकार के परिणाम भी मजबूत होते हैं। पाकिस्तानी फाइटर प्लेन को नष्ट करके पाकिस्तानी धरती पर उतरने वाला भारतीय जांबाज अगर सकुशल घर लौट पाया है तो यह मजबूत और दृढ़ इच्छाशक्ति की सरकार से ही संभव हुआ है। पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों की अनदेखी की जिसके चलते लंबे समय से वह विकास की मुख्य धारा में शामिल नहीं हो सका। अपमानित और प्रताडि़त महसूस करने वाले किसान इस सरकार में सम्मान के साथ सिर उठाकर जी रहे हैं।
खेती में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है जब नवीनतम आविष्कारों को जमीन तक पहुंचाया जाए। खेती और किसानों के विकास में कृषि विज्ञान केंद्रों की भूमिका अहम हैं। उन्हें अपनी जिम्मेदारी और भागीदारी बढ़ानी होगी। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ उपलब्धियों को बताया।