CM Yogi ने बताया फोरलेन-सिक्सलेन से यूपी को कहां से कहां तक मिली कनेक्टिविटी, बोले- जाम से आती है जड़ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया। उन्होंने जाम मुक्त शहरों, फोरलेन कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण ...और पढ़ें

HighLights
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कल्याण मंडपम का लोकार्पण किया।
जाम मुक्त शहरों और फोरलेन कनेक्टिविटी पर विशेष जोर।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बताया अत्यंत आवश्यक।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जाम से जड़ता आती है, इसलिए सरकार शहरों को जाम मुक्त बना रही है। प्रदेश में फोरलेन, सिक्सलेन का जाल बिछाया जा रहा है। कहीं भी जाइए, फोर लेन कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने गोरखपुर का जिक्र करते हुए कहा कि यहां से लखनऊ जाना है, वाराणसी, देवरिया, बिहार या फिर पड़ोसी राष्ट्र नेपाल हर तरफ फोर लेन कनेक्टिविटी है। मुख्यमंत्री ने सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहां की चारों तरफ विकास हो रहा है। उद्योग लग रहे हैं। ऐसे में सफाई बहुत जरूरी है।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को इसमें योगदान देना होगा। उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रदूषण से घुटन भरी जिंदगी हो गई है। लेकिन गोरखपुर में ऐसा नहीं है। कहीं दमघोटू माहौल नहीं है। लेकिन यहां ऐसा ही माहौल बना रहे इसलिए हमें अपने पर्यावरण की सुरक्षा करनी होगी। हम पर्यावरण को बचाएंगे तो पर्यावरण हमे बचाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को महानगर के बिछिया में बने कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन का वातावरण बना है, जिससे निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेज हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा, सरकार की प्राथमिकता में हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों से विकास कार्यों में सहभागिता और सहयोग के साथ ही पर्यावरण सुरक्षा की अपील की।
