जनगणना 2027: CM योगी ने स्वगणना के लिए लैपटॉप से भरा अपना ब्योरा, प्रदेशवासियों से भागीदारी की अपील की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनगणना 2027 के लिए स्वगणना पूरी कर प्रदेशवासियों से भागीदारी का संदेश दिया।

गोरखनाथ मंदिर में स्वगणना पूरी करने के बाद उसे प्रदर्शित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। तस्वीर- जागरण
HighLights
सीएम योगी ने जनगणना 2027 के लिए स्वगणना की।
जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं का आधार बनेंगे।
30 नवंबर तक ऑनलाइन विवरण दर्ज करने की अपील।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में जनगणना 2027 के लिए स्वगणना कर प्रदेशवासियों को इसमें भागीदारी का संदेश दिया। लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज कर उन्होंने प्रक्रिया पूरी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़े सिर्फ आबादी का हिसाब रखने के लिए नहीं होते, बल्कि इनके आधार पर आने वाले वर्षों के विकास की दिशा और योजनाएं तय होती हैं। समाज के हर वर्ग की वास्तविक स्थिति और जरूरतों की जानकारी मिलने से सरकार को नीतियां बनाने में मदद मिलती है।
स्वगणना के बाद मुख्यमंत्री ने एक्स पर किए एक पोस्ट में लोगों से 30 नवंबर तक पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज करने की अपील की। कहा कि 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना के बाद दिसंबर में कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। इस राष्ट्रीय अभियान में करीब छह लाख कर्मचारी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी जानकारी पूरी ईमानदारी और सटीकता के साथ उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि आंकड़ों के आधार पर युवा, महिलाएं, किसान, व्यापारी और समाज के दूसरे वर्गों के लिए जरूरत के मुताबिक योजनाएं बनाई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता को जरूरी बताया। कहा कि जनगणना से मिलने वाली जानकारी सरकार को यह समझने में मदद करेगी कि किस क्षेत्र और वर्ग को किस तरह की सुविधाओं की जरूरत है। इसलिए इसे केवल सरकारी प्रक्रिया न समझें, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व के रूप में निभाएं।
मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में भी लोगों से सक्रियता दिखाने को कहा। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर से शुरू हुए अभियान के तहत मतदाता सूची की जांच कर उसमें जरूरी संशोधन कराया जा सकता है। नागरिक ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और विवरण जरूर देखें। नया नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम स्थानांतरित कराने के लिए फार्म-8 भरें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
गोरखपुर में चार दिन में 3200 ने की स्वगणना
गोरखपुर में गुरुवार की शाम तक चार दिनों में 3209 लोगों ने स्वगणना की। इस दौरान कुल 7568 लोगों ने पोर्टल पर स्वगणना की काशिश की लेकिन खराब नेटवर्क, ओटीपी की समस्या या अन्य वजहों से 4359 लोग अभी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।