गीडा पर सीएम ने की धनवर्षा, दिए पचास करोड़ रुपये Gorakhpur News
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण पर सीएम की सौगात बरसी है। गीडा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 50.61 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकार किया है।
गोरखपुर, संतोष गुप्ता। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) पर मुख्यमंत्री की सौगात बरसी है। गीडा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 50.61 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति दे दी है। सड़क, नाली, सीवरेज, बिजली, पथप्रकाश की लचर होती स्थिति पर उद्यमियों ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया था।
सहजनवां संवाददाता के अनुसार गीडा की स्थापना के बाद यह अब तक की एकमुश्त सबसे बड़ी धनराशि है। गीडा में सड़क, नालियों और पथ प्रकाश की व्यवस्था काफी लचर हो चुकी है। पिछले साल गीडा दिवस पर बाहर से आए उद्यमियों ने जमीन की व्यवस्था के साथ मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया था। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के सदस्य भी इस दिशा में कई बार मुख्यमंत्री से बात कर चुके थे। मुख्यमंत्री ने जल्द ही व्यवस्था में सुधार होने का आश्वासन दिया था।
यह मिला बजट
पेयजल - 163 लाख
सीवरेज - 2679 लाख
सड़क - 1018 लाख
विद्युत - 1201 लाख
कुल- 5061 लाख
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से बढ़ी आस
गीडा क्षेत्र के साथ ही दक्षिणांचल में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से जुड़े मार्ग पर औद्योगिक विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। जमीन के लिए उद्यमियों की ओर लगातार हो रही मांग के बीच शासन आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तेजी दिखा रहा है। गीडा प्रशासन को काफी समय से विकास कार्यों के नाम पर बजट नहीं मिल रहा था।
शासन की ओर से गीडा में विकास कार्यों के लिए धन स्वीकृत किया गया है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। - संजीव रंजन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी गीडा