गोरखपुर में चौरी चौरा सड़क परियोजना को रेलवे की मंजूरी, अब भूमि अधिग्रहण की चुनौती
चौरी चौरा में भोपा बाजार ओवरब्रिज से अशोका आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल तक सड़क निर्माण को रेलवे ने हरी ...और पढ़ें

बलिदान स्मारक चौरीचौरा के रास्ते गौनर मार्ग को जोड़ने वाली सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते विधायक इं. सरवन निषाद। जागरण
HighLights
रेलवे ने चौरी चौरा सड़क निर्माण को दी हरी झंडी।
परियोजना की कुल लागत 20.56 करोड़ रुपये निर्धारित की गई।
भूमि अधिग्रहण अब सड़क निर्माण में मुख्य बाधा बना।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चौरी चौरा में भोपा बाजार ओवरब्रिज से बलिदान स्मारक होते हुए अशोका आयरन एंड स्टील सेलिंग मिल तक सड़क निर्माण के लिए रेलवे ने हरी झंडी दे दी है। रविवार को रेलवे ने काम रुकवा दिया था।
अब दूसरी बाधा भवनों व खाली प्लाटों का अधिग्रहण बनेगा। सड़क चौड़ीकरण की जद में कई भवन व प्लाट आ रहे हैं। अभियंताओं का कहना है कि प्रशासन जितनी जल्द अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी करा देगा, सड़क का निर्माण उतनी ही जल्दी पूरा करा लिया जाएगा।
चौरी चौरा में ओवरब्रिज का निर्माण हो गया है। ओवरब्रिज पहले वाई माडल का बनना था। बाद में इसे एल माडल का बना दिया गया। इसे लेकर व्यापारी और नागरिक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि फिलहाल ओवरब्रिज को वाई माडल किए जाने की कोई योजना नहीं है।
दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड दो ने ओवरब्रिज के पास से 10 मीटर चौड़ाई में सड़क व नाला बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। बुधवार को विधायक सरवन निषाद ने एसडीएम रवि कुमार सिंह और लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता महेंद्र भारतीय के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
विधायक ने बताया कि शासन ने इस परियोजना को मंजूरी दी है। पांच वर्ष के अनुरक्षण के लिए 19 लाख 33 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार अनुरक्षण सहित परियोजना की कुल लागत 20 करोड़ 56 लाख 42 हजार रुपये होगी। इस दौरान नगर पंचायत चौरीचौरा के अध्यक्ष सन्नी जायसवाल, तारकेश्वर जायसवाल, आरोक पटवा आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दावों की निकली हवा, प्रतिमा विसर्जन के समय गायब थे अभियंता
सड़क के दोनों तरफ बनेगा नाला
अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत सड़क की कुल लंबाई 1.325 किलोमीटर निर्धारित है। वर्तमान में सात मीटर चौड़ी पिच सड़क बनी हुई है। इसे चौड़ा कर गौनर मार्ग से जोड़ने के लिए रेलवे की जमीन से तीन मीटर अतिरिक्त भूमि की जरूरत है। सड़क के लिए कुल 10 मीटर चौड़ाई निर्धारित की गई है। इसमें दोनों तरफ एक-एक मीटर चौड़ी नाली और एक-एक मीटर खाली जगह का प्रविधान है। शेष छह मीटर चौड़ी पिच सड़क बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- जयकारों के बीच मातम: गोरखपुर में दुर्गा विसर्जन जुलूस में दौड़ा करंट, तीन की मौत
कई गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी राहत
भोपा बाजार ओवरब्रिज से बलिदानी स्मारक होते हुए गौनर मार्ग तक पहुंच मार्ग बनने से चौरी चौरा थाने के बगल में स्थित रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। गौनर, बधाड़, बाल बुजुर्ग सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन का सीधा लाभ मिलेगा। इस मार्ग के बनने से लोगों को जाम से बचकर गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी।
