लखनऊ में सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में होगी महारैली, शामिल होंगे गोरखपुर के दिग्गज नेता
लखनऊ के माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में 26 नवंबर को बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित होगी, जिसमें आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम गठबंधन के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद। फाइल फोटो
HighLights
26 नवंबर को लखनऊ में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली।
चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संविधान, सामाजिक न्याय पर फोकस।
आजाद समाज पार्टी-एआईएमआईएम गठबंधन की पहली बड़ी रैली।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ के माता रमाबाई आंबेडकर मैदान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के गठबंधन के बाद आयोजित महारैली में जनपद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
इसके लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जानकारी जिलाध्यक्ष शशि भूषण शाका ने दी। बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में महारैली होगी। इसमें संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, रोजगार और आरक्षण के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
साथ ही बहुजन समाज के राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों की आवाज बुलंद की जाएगी। यह भी कहा कि महारैली के माध्यम से वंचित, शोषित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है। पार्टी की ओर से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- गोंडा पहुंचे मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव, बोले- भगवान चाहंगे तो गोपालकृष्ण धाम भी जगमगाएगा