CBSE बोर्ड परीक्षा में फेल होने के अफवाह पर पिता ने किया प्रताड़ित, किशोरी ने खाया जहरीला पदार्थ
सहजनवा में सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा परिणाम की अफवाह से एक किशोरी की जान चली गई। फेल होने की गलत सूचना ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गलत अफवाह और पिता की प्रताड़ना से छात्रा की मौत।
किशोरी ने 78% अंकों के साथ परीक्षा पास की थी।
पुलिस ने प्रताड़ना के आरोप में पिता को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, सहजनवा। सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम को लेकर फैली अफवाह ने एक किशोरी की जान ले ली। पिता की प्रताड़ना और फेल होने की खबर से आहत छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर बाद पास होने की सही जानकारी मिली, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं किशोरी की मां ने अपने पति के विरुद्ध प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला सहजनवा थाना के तिलौरा गांव का है। दुर्गेश धर दुबे की 16 वर्षीय पुत्री आराध्य दुबे नगर पंचायत स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। बुधवार को परिणाम घोषित होने के बाद किसी ने उसे गलत सूचना दे दी कि वह परीक्षा में असफल हो गई है।
इससे आहत होकर उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के समय उसकी मां अंकिता दुबे अपने दोनों बेटों के साथ संतकबीरनगर के बखिरा क्षेत्र स्थित मायके गई थीं। कुछ देर बाद बड़े भाई तनिष्क ने फोन पर बताया कि वह 78 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा में सफल हो गई है। यह सुनते ही आराध्य ने अपनी दादी को जहर खाने की बात बताई।
यह भी पढ़ें- UP में बिजली उपभोक्ताओं को राहत, छुट्टियों पर नहीं कटेगी लाइट, मिलेगा 3 दिन का मौका
जानकारी होते ही पिता दुर्गेश उसे तत्काल सीएचसी ठर्रापार लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घर लौटने पर पिता ने शव को गाड़ी में ही रखा और दरवाजा बंद कर दिया।
देर रात जब मां घर पहुंचीं तो पिता ने बेटी के ठीक होने की बात कही, लेकिन संदेह होने पर जब गाड़ी का लाक खोला गया तो अंदर शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां अकिता दुबे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अंकिता ने अपने पति दुर्गेश के विरुद्ध पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति ने पुत्री को परिणाम में असफल होने पर प्रताड़ित किया। इससे आहत होकर उनकी पुत्री ने जहरीला पदार्थ खाल लिया। इसके पूर्व भी वह पुत्रि को प्रताड़ित करते रहते थे। एसपी उत्तरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई चल रही है।
