ठंड के दस्तक देते ही गर्म कपड़ों से सजा बरदहिया बाजार, पहुंच रहे खरीदार
संतकबीर नगर का बरदहिया बाजार गर्म कपड़ों के लिए मशहूर है। यहां दूरदराज से कपड़ा खरीदने लोग आते हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। ठंड के दस्तक देते ही जनपद में ऊनी व गर्म कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। जिले के बरदहिया बाजार में ऊनी वस्त्रों का बाजार गर्म दिख रहा है। इस बाजार में पहुंचकर लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में शो-रूम से लेकर गोदाम ऊनी व गर्म कपड़ों से भरने लगे हैं। ठंड की आहट से अच्छी बिक्री का अनुमान लगाया जा रहा है। यह बाजार आसपास के जिलों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां पर गर्म कपड़ा खरीदने दूरदराज से खरीदार आते हैं।
बाजार गुलजार
विभिन्न कस्बों में भी गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है। कारोबारियों का कहना है कि नवंबर माह के अंत तक 70 से 80 फीसद तक गर्म कपड़ों की बिक्री हो जाती है। इस वर्ष बेहतर लाभ होने की उम्मीद है। ब्लासम, रोजी क्रिस्टीना, फेदर किस्म के ऊन की मांग घटी है। इसके साथ ही जींस जैकट, ब्लोवर, ऊनी शर्ट सहित विभिन्न गर्म कपड़ों व रजाई, चादर, कंबल आदि की बिक्री तेजी से हो रही है। यह बाजार कम दाम में अच्छे कपड़ों के लिए जाना जाता है।
रजाई, गद्दों की बढ़ी मांग
मौसम की नजाकत को देखते हुए दुकानदारों ने कपड़ों सहित,रजाई, चद्दर, कंबल आदि का भंडार किया है। रुई की धुनाई करने वाले धुनियों का भी कारोबार बढ़ा है। शहर के बरदहिया बाजार, गोलाबाजार, जूनियर हाईस्कूल के निकट आदि स्थानों पर रजाई-गद्दे बन रहे हैं। उमेश, प्रदीप गुप्ता, राजेश, नसीम, सुधीर कुमार ने बताया कि इस बार गर्म कपड़े की मांग अधिक रहने की उम्मीद है। यही हाल हैंसर, धनघटा, मुखलिसपुर, मेंहदावल, बखिरा, सेमरियावां आदि स्थानों के बाजारों का है।