कुशीनगर में बरातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत- छह गंभीर
बिहार के सीतामढ़ी जिले के गांव मोहनपुर इठरवा थाना बेला से बरात महराजगंज जा रही थी। सुबह लगभग आठ बजे हेतिमपुर छोटी गंडक पुल के समीप सामने से गलत लेन में आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली से बस की भिड़ंत हो गई।
कुशीनगर, जेएनएन। कसया थानाक्षेत्र के हेतिमपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर सोमवार की सुबह बरातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक बराती की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हुई है। दुर्घटना में 12 यात्री घायल हो गए। इनमें से पांच व ट्रैक्टर चालक सहित छह को गंभीर चोट लगी है। गंभीर रूप से घायलको सीएचसी कसया ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बिहार के सीतामढ़ी जा रही थी बस
बिहार के सीतामढ़ी जिले के गांव मोहनपुर इठरवा, थाना बेला से बरात महराजगंज जा रही थी। सुबह लगभग आठ बजे हेतिमपुर छोटी गंडक पुल के समीप सामने से गलत लेन में आ रही ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर काफी तेज होने के कारण ट्राली पलट गई तो बस मार्ग किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई।
यह हुए घायल
बस में सवार बराती 13 वर्षीय ताबिस, 20 वर्षीय नियाज, 12 वर्षीय कोनेन, 21 वर्षीय अलीहसन व 65 वर्षीय अमीन एवं ट्रैक्टर चालक 40 वर्षीय संतोष निवासी महुआनी, कसया गंभीर रूप से घायल हो गए। बस सवार कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोट आई है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बरातियों को बस से बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायलों को हाईवे के एंबुलेंस से कसया सीएचसी भेजा।
आधा घंटा जाम रहा हाईवे
घायलों की चीख-पुकार और दुर्घटना के कारण लगभग आधा घंटा तक हाईवे का दक्षिणी लेन जाम रहा। कुशीनगर चौकी की पुलिस ने ट्राली व बस किनारे कराकर आवागमन बहाल करवाया। बस में सवार बाकी बराती विभिन्न संसाधनों से गंतव्य को रवाना हो गए। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।