Loksabha Election 2019 : संगठनात्मक बदलाव के साथ बसपा ने कसी कमर
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए बहुत समाज पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को लेकर काफी बदलाव किए हैं। मजबूत संगठन की अवधारणा को मानते हुए पार्टी प्रमुख ने ऐसा किया है।
गोरखपुर, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी आसन्न लोकसभा चुनाव में कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहती। पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को लेकर इधर काफी बदलाव किए हैं। चुनाव में मजबूत लड़ाई के लिए मजबूत संगठन की अवधारणा को मानते हुए पार्टी प्रमुख ने मार्च महीने में एक बार फिर बदलाव किया है। अब पूरा प्रदेश दो सेक्टरों में विभाजित किया गया है और तीन-तीन सेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं।
गोरखपुर व बस्ती मंडल अवध एवं पूर्वांचल सेक्टर में आएगा। इसका प्रभारी पूर्व सांसद घनश्याम चंद खरवार को बनाया गया है, वह इस क्षेत्र के सभी नौ मंडलों पर नजर रखेंगे। उनके साथ नौशाद अली व अखिलेश आंबेडकर को भी जिम्मेदारी दी गई है। ये सेक्टर प्रभारी मंडलों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। मंडल के साथ ही जिले की समीक्षा बैठकें भी अपनी उपस्थिति में करा रहे हैं। मंडलों पर नजर रखने के लिए मंडल जोन कोआर्डिनेटर बनाए गए हैं।
बूथ पर होगी पैनी नजर
मंडल स्तर के पदाधिकारी हों या फिर सेक्टर प्रभारी, सबकी नजर बूथ स्तर पर रहेगी। पार्टी ने इस बार बूथ कमेटियों को भी विस्तार दिया है। हर कमेटी में 20 से अधिक सदस्य बनाए गए हैं। इन सदस्यों के ऊपर घर-घर पहुंचने की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही भाईचारा कमेटियां भी काम कर रही हैं। इनके जिम्मे अपने समाज के लोगों को एक साथ लाने की जिम्मेदारी है।
समीक्षा बैठकों का चल रहा दौर
मंडल स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्र स्तर तक समीक्षा बैठकों का दौर चल रहा है। इस बहाने से ग्रास रूट स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि समीक्षा बैठकों का काफी असर देखने को मिला है, कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ रहा है।
बूथ स्तर तक हमारी तैयारी मजबूत
अवध एवं पूर्वांचल के सेक्टर प्रभारी घनश्याम चंद्र खरवार ने कहा कि पार्टी संगठन की निगरानी के लिए सेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। बूथ स्तर तक हमारी तैयारी मजबूत है, चुनाव के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं।