सभी दल कर रहे चुनाव की तैयारी, पर बसपा में जिलाध्यक्ष बदलने का दौर जारी; 11 महीने में बदले 6 चेहरे
बसपा ने गोरखपुर में 11 महीने के भीतर छठवीं बार जिलाध्यक्ष बदला है, जयकार प्रसाद की जगह सुरेश कुमार गौतम को कमान सौंपी गई है।

बसपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार गौतम। जागरण
HighLights
बसपा ने गोरखपुर में सुरेश कुमार गौतम को जिलाध्यक्ष बनाया।
पिछले 11 महीनों में यह छठवां जिलाध्यक्ष परिवर्तन है।
सुरेश गौतम के सामने संगठन में स्थिरता लाने की चुनौती।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बसपा संगठन में बदलाव जारी है। शीर्ष नेतृत्व ने जयकार प्रसाद को हटाकर सुरेश कुमार गौतम को जिले की कमान सौंपी है। जनवरी 2026 से अब तक 11 महीने में छह जिलाध्यक्ष बदले जा चुके हैं।
20 जनवरी को घनश्याम राही को गोरखपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया, लेकिन सात दिन बाद, 27 जनवरी को उन्हें हटाकर हरिप्रकाश निषाद को जिम्मेदारी दी गई। वह लगभग साढ़े चार माह पद पर रहे। 12 जून को उनकी जगह संतोष कुमार जिज्ञासु जिलाध्यक्ष बने। चार अगस्त को संतोष की जगह ऋषि कपूर को जिम्मेदारी मिली, लेकिन 17 अगस्त को उन्हें हटाकर जयकार प्रसाद को जिलाध्यक्ष बना दिया गया। इसके तीन महीने बाद 24 नवंबर की रात जारी आदेश में जयकार प्रसाद की जगह सुरेश कुमार गौतम को नियुक्त किया गया।
पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि पद से हटाए गए नेताओं को संगठन में दूसरी जिम्मेदारियां भी दी गईं। हरिप्रकाश निषाद को पिछड़ा वर्ग भाईचारा समिति में, जबकि संतोष कुमार जिज्ञासु और ऋषि कपूर को मंडल स्तर पर दायित्व मिला। जयकार प्रसाद को भी मंडल स्तर की जिम्मेदारी दी गई है।
लगातार बदलाव के बीच सुरेश कुमार गौतम के सामने संगठन में स्थिरता लाने की चुनौती होगी। चुनाव से पहले बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, पुराने और नए कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाना तथा पार्टी के परंपरागत जनाधार को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यकर्ताओं का भरोसा बनाए रखना भी उनके लिए महत्वपूर्ण होगा।
बसपा के जिलाध्यक्ष बने सुरेश गौतम
गोरखपुर में बसपा ने जिलाध्यक्ष के पद पर बदलाव करते हुए सुरेश कुमार गौतम को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में सुरेश कुमार गौतम का संगठन में लंबा अनुभव रहा है। वह 1992-93 से करीब 17 वर्ष तक सहजनवा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। हाल तक वह मंडल कोआर्डिनेटर के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों को देख रहे थे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।