मुश्किल में BSNL, 302 से 99 हुई अधिकारियों व कर्मचारियों की संख्या Gorakhpur News
गोरखपुर बीएसएनएल कार्यालय में 302 अधिकारियों व कर्मचारियों में फरवरी में केवल 99 ही बचेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के 203 अधिकारी-कर्मचारी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इसमें 176 स्वैछिक जबकि 27 अपनी सेवा पूरी करके रिटायर्ड होंगे। फिलहाल 302 अधिकारियों व कर्मचारियों से सम्पन्न बीएसएनएल में अगले महीने 99 का स्टाफ रह जाएगा, जिन पर लैंडलाइन फोन, ब्रॉडबैंड और मोबाइल सेवाओं को सुचारू रखने की जिम्मेदारी होगी।
मुश्किल होगा काम
दूरसंचार विभाग के गोरखपुर व महाराजगंज में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के इतनी बड़ी तादाद में सेवानिवृत्त होने के बाद बीएसएनएल में गैर अधिकारी संवर्ग के सिर्फ 45 कर्मचारी बचेंगे। इसमें भी अधिकांश ग्रुप डी के होंगे। सेवानिवृत्त न होने वाले अधिकारियों की संख्या 54 होगी। इन 99 लोगों पर विभाग के लिपिकीय कार्यों की भी जिम्मेदारी होगी। ऐसी स्थिति में किसी तरह की तकनीकी खामी आने पर उसका समाधान होना मुश्किल होगा। सरकारी महकमों में चल रहे टेलीफोन और ब्राड बैंड लाइन में दिक्कत आने पर उसे भी ठीक कराना विभाग के लिए अलग तरह की चुनौती होगा।
31 जनवरी के बाद काम को सुचारू रखने के लिए कोई न कोई व्यवस्था जरूर की जाएगी। हालांकि यह क्या होगी, इसके बारे में अभी कुछ तय नहीं हुआ है। - देवेन्द्र सिंह, जीएम दूरसंचार