गोरखपुर BRD में बिना ऑपरेशन किडनी व यूरेटर की पथरी से मिल रही मुक्ति, एक साल में 30 रोगियों ने लिया लाभ
बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में किडनी और यूरेटर की पथरी का इलाज अब बिना ऑपरेशन संभव है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक ...और पढ़ें

बीआरडी मेडिकल कॉलेज। जागरण
HighLights
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बिना ऑपरेशन पथरी का इलाज।
लिथोट्रिप्सी मशीन से ध्वनि तरंगों द्वारा पथरी तोड़ी जाती है।
एक साल में 30 रोगियों को मिली पथरी से मुक्ति।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज में किडनी और यूरेटर (पेशाब की नली) की पथरी से पीड़ित रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यहां बिना ऑपरेशन के पथरी निकाली जा रही है। सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक में स्थापित लिथोट्रिप्सी मशीन की वजह से यह संभव हुआ है।
एक साल पहले शुरू हुई इस सुविधा से अब तक 30 रोगियों को पथरी की समस्या से मुक्ति दिलाई गई है। इनमें से केवल तीन रोगियों को एहतियातन दो दिन के लिए वार्ड में भर्ती कर निगरानी में रखना पड़ा, जबकि शेष रोगियों को उसी दिन या बहुत कम समय में छुट्टी दे दी गई।
यूरोलाजिस्ट डा. रवि प्रकाश मिश्रा के अनुसार लिथोट्रिप्सी एक आधुनिक और सुरक्षित तकनीक है, जिसमें बिना चीरा लगाए शरीर के बाहर से ही ध्वनि तरंगों (शाक वेव) के माध्यम से पथरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ दिया जाता है। बाद में ये टुकड़े स्वाभाविक रूप से पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर निकल जाते हैं।
इस प्रक्रिया में न तो बेहोशी की आवश्यकता होती है और न ही लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है। इससे रोगियों को आपरेशन से होने वाले जोखिम और दर्द से भी बचाया जा रहा है। पहले किडनी या यूरेटर की पथरी होने पर अधिकांश मामलों में ऑपरेशन या एंडोस्कोपिक प्रक्रिया की जरूरत पड़ती थी, जिससे मरीजों को मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब लिथोट्रिप्सी मशीन के आने से उपचार सरल और कम जोखिम वाला हो गया है।
पथरी की समस्या आजकल तेजी से बढ़ रही है। इसके प्रमुख कारणों में कम पानी पीना, असंतुलित आहार, अत्यधिक नमक व प्रोटीन का सेवन, बदलती जीवनशैली और शरीर में पानी की कमी शामिल हैं। ऐसे में समय पर जांच और सही उपचार अत्यंत आवश्यक है। लिथोट्रिप्सी मशीन के माध्यम से छोटे और मध्यम आकार की पथरी का इलाज प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
-डा. रवि प्रकाश मिश्रा, यूरोलाजिस्ट बीआरडी मेडिकल कालेज
लिथोट्रिप्सी मशीन स्थापित होने से किडनी व यूरेटर में पथरी के रोगियों को बड़ी राहत मिली है। इसके साइड इफेक्ट भी बहुत कम हैं, जो किसी-किसी को होते हैं। वह भी मात्र दो दिन में ठीक हो जाते हैं। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रोगियों को बिना आपरेशन राहत मिल सके। यह सुविधा पूर्वांचल के रोगियों के लिए वरदान साबित हो रही है।
-डा. रामकुमार जायसवाल, प्राचार्य बीआरडी मेडिकल कालेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।