दिल्ली में वोट मांग रहीं गोरखपुर की भाजपा महिला नेता Gorakhpur News
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव क्षेत्रीय मंत्री अर्चना सिंह और चौरीचौरा विधायक संगीता यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम दिल्ली में रह रहे प्रदेशवासियों के घर-घर पहुंच रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम की सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गोरखपुर क्षेत्र की भाजपा महिला नेता भी बीते एक सप्ताह से दिल्ली में जमी हुई हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव, क्षेत्रीय मंत्री अर्चना सिंह और चौरीचौरा विधायक संगीता यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम दिल्ली में रह रहे प्रदेशवासियों के घर-घर पहुंच रही है और उन्हें भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित कर रही हैं। पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय भी उस टीम में शामिल हैं।
सीएम के साथ महत्वपूर्ण नेता भी लगे
सीएए का विरोध कर रहे लोगों को सबक सिखाने में सफल रहने वाले मुख्यमंत्री योगी और उनकी प्रदेश टीम पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली चुनाव का रुख भाजपा की ओर करने का जिम्मा सौंपा है। दिल्ली की चुनावी सभाओं के ज्यादातर मंच पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी इसकी तस्दीक है। मुख्यमंत्री के साथ-साथ उनके कैबिनेट के महत्वपूर्ण साथी और बड़ी संख्या में प्रदेश के सांसद भी चुनाव में सक्रिय हैं।
यूपी वालों के घर-घर घूम रही हैं महिला नेताओं की टोली
चूंकि दिल्ली में पूर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वालों की भी बड़ी तादाद है, इसलिए संगठन ने गोरखपुर की महिला मोर्चा की टीम को मोर्चे पर लगाया है। विधायक संगीता यादव ने बताया कि उनकी टीम सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों के घर-घर पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांग रही हैं। इतना ही नहीं गोरखपुर क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी दिल्ली गई नेत्रियों के जनसंपर्क की मॉनिटङ्क्षरग भी कर रहे हैं।
साइबर योद्धाओं को भी सौंपी गई है जिम्मेदारी
दिल्ली चुनाव के लिए स्थानीय स्तर पर भाजपा के आइटी टीम की जिम्मेदारी भी तय की गई है। यह टीम दिल्ली में रह रहे प्रदेश के लोगों से वोट के बाबत मोबाइल फोन से संपर्क तो साध ही रही है, सोशल मीडिया के लिए संदेश तैयार कर उसे वायरल करने का कार्य भी कर रही है।