भाजपा नेता ने कहा-अब इसी वातावरण में करना होगा संगठनात्मक कार्यों का संचालन Gorakhpur News
भाजपा नेता ने कहा कि संगठनात्मक कार्य के लिए अब इंतजार करने की जरूरत नहीं है। हमें कोरोना का ध्यान रखते हुए संगठन के कार्य को गति देना है। यही समय ही हमारी परीक्षा का समय है।
गोरखपुर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के प्रांतीय महामंत्री व गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि कोविड 19 की वजह से तमाम तरह की समस्याएं उपजी हैं। हमें इसी वातावरण में फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही सावधानियां अपनाते हुए संगठनात्मक कार्यों का संचालन करना होगा। कोरोना महामारी है। पूरी दुनिया के लोग इसके लिए दवाओं की खोज में लगे हैं। बहरहाल हमें संगठनात्मक कार्य के लिए अब इंतजार करने की जरूरत नहीं है। हमें कोरोना का ध्यान रखते हुए संगठन के कार्य को गति देना है। यही समय ही हमारी परीक्षा का समय भी है। इसलिए अब संगठन के कार्य में लग जाने की आवश्यकता है। दो दिवसयी बैठक
प्रभारी पंकज सिंह भारतीय जनता पार्टी के महानगर व जिले के संगठनात्मक बैठक को वीडियो कालिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। इसी के साथ गोरखपुर क्षेत्र के सभी जिलों की दो दिवसीय ऑनलाइन बैठक संपन्न हो गई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने दो जिलों की बैठक को किया संबोधित
गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बस्ती व देवरिया जिले की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आगामी 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा एक वर्ष का सफलतम कार्यकाल पूर्ण होगा। इस अवसर पर 30 मई से 30 जून तक सरकार के उपलब्धियों के पत्रक के माध्यम से अपने निवास बूथ पर दो कार्यकर्ता सामाजिक दूरी व मास्क का ध्यान रखते हुए घर-घर संपर्क करते हुए जानकारी देंगे। इसी क्रम में प्रदेश मंत्री त्रयंबक नाथ त्रिपाठी ने बलिया व प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह ने महराजगंज जिले कि बैठक को संपन्न किया।
तीन दिन में होगी 286 मंडलों की बैठक
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी ने बताया कि भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के सभी 286 मंडलों में 28 मई से 30 मई तक तीन दिनों में वीडियो कॉलिंग के द्वारा मंडलों की बैठकें होंगी। बैठक में मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री सेक्टर संयोजक एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की तरफ से मिले निर्देशों के तहत अब संगठन के कार्य को करने का समय आ गया है। कोरोना और लाकडाउन के कारण अभी तक संगठन के कार्य पूरी तरह से संचालित नहीं पा रहा था।