मस्जिद में नमाज पढऩे से भाजपा नेता को रोका, पिटाई भी की
भाजपा की राजनीति करने से खार खाए कुछ मुस्लिम लोगों ने अपने ही समुदाय के एक युवक को मस्जिद में नमाज नहीं पढऩे दिया। यही नहीं बदसुलूकी कर उन्हें पीटा भी।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा की राजनीति करने से खार खाए कुछ मुस्लिम लोगों ने अपने ही समुदाय के एक युवक को मस्जिद में नमाज नहीं पढऩे दिया। यही नहीं बदसुलूकी कर उन्हें पीटा भी। पीडि़त ने थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सीएम से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के नौगावां निवासी मोहम्मद इस्लाम अंसारी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री हैं। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उन्होंने कहा है कि भाजपा से जुड़े होने के कारण गांव के उनके ही समुदाय के कुछ लोग उनसे नाराज रहते हैं। उन्हें देखते ही राष्ट्र विरोधी टिप्पणी और पाकिस्तान परस्त बातें करते रहते हैं।
इस बीच 22 मार्च को दोपहर में गांव के मस्जिद में जुमे की नमाज पढऩे के दौरान उन लोगों ने गाली-गलौज करने के बाद पिटाई कर दी। कहा कि तुम भाजपाई हो, तुमको मस्जिद में नमाज नहीं पढऩे दिया जाएगा। यही नहीं भाजपा न छोडऩे की स्थिति में जान से मारने की धमकी भी दी है। एसएचओ कसया अतुल्य कुमार पांडेय ने कहा कि मामला संज्ञान में है। मामले में एनसीआर दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।