Gorakhpur: पुरानी रंजिश के चलते छत्तीसगढ़ में गोरखपुर के रहने वाले भाजपा नेता की हत्या, बेटा गंभीर रूप से घायल
Gorakhpur छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदरू में 46 वर्षीय भाजपा नेता जितेंद्र पाल की घर में घुसकर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई। बचाने का प्रयास करने वाला बेटा आयुष गंभीर रूप से घायल है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदरू में 46 वर्षीय भाजपा नेता जितेंद्र पाल की घर में घुसकर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई। बचाने का प्रयास करने वाला बेटा आयुष गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने हत्या, बलवा, गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर चार आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है।
भाजपा नेता जितेंद्र पाल मूलत: गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना के ग्राम सरया खास गांव के रहने वाले थे। वे काफी समय से परिवार संग तिल्दा में निवास कर रहे थे। स्वजन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात आरोपित आशु, ईशु, पेंटा, रवि साथियों संग घर में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे। विरोध पर जितेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। बचाने के प्रयास में बेटा आयुष भी घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय जितेंद्र की मृत्यु हो गई।
वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भी जुड़े थे। उन्हें भाजपा के नशा मुक्त समाज आंदोलन अभियान का प्रदेश सह प्रभारी बनाया गया था। स्वजन का आरोप है कि हमलावरों ने छह माह पहले एक लाख रुपये मांग की थी। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोपित आए दिन किसी न किसी से विवाद करते थे। रुपये न मिलने पर रंगदारी दिखाते हुए घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है।
जितेंद्र के पिता मध्य प्रदेश की एक सीमेंट फैक्ट्री में काम करते थे। 40 वर्ष पहले वह परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदरू गांव में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहने लगे। बिहार के रहने वाले एक परिवार से उनकी रंजिश थी। इससे पहले जितेंद्र के बड़े भाई की भी इसी रंजिश में हत्या हो गई थी।
सरया खास गांव में रहने वाले जितेंद्र के चाचा जवाहर पाल ने बताया कि परिवार के साथ अक्सर जितेंद्र गांव आते थे। चार माह पहले पत्नी उर्मिला को लेकर आए थे। कुछ दिन रहने के बाद चले गए, लेकिन उर्मिला गांव पर ही थीं। शुक्रवार को हत्या की खबर मिलने के बाद रिश्तेदारों के साथ छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो गईं। जवाहर ने बताया कि जितेंद्र की दो बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरी लड़की लखनऊ में पढ़ाई करती और गंभीर रूप से घायल बेटा आयुष आइसीयू में भर्ती है।
इन्होंने ये कहा...
घटना के बाद चार आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वारदात में कोई और भी शामिल रहा तो उसे भी जेल भेजा जाएगा।
- नीरज चंद्रकार, एएसपी, ग्रामीण रायपुर