विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिशन 2027: गोरखपुर की हर सीट पर महिला प्रवासी, क्या बदलेगा चुनावी गणित?

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:36 AM (IST)

भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गोरखपुर में महिला प्रवासियों को तैनात किया है ताकि महिला मतदाताओं को जोड़ा जा सके और महिला मोर्चा को मजबूत किया जा सके। ये प्रवासी पदाधिकारी स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रही हैं और संगठन की चुनावी तैयारियों का आकलन कर रही हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. भाजपा ने गोरखपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में महिला प्रवासी तैनात कीं।

  2. महिला मोर्चा की सक्रियता बढ़ाने और महिला मतदाताओं को जोड़ने पर जोर।

  3. प्रवासी कार्यकर्ता स्थानीय संगठन को चुनावी रणनीति और अनुभव सिखा रही हैं।

डा राकेश राय, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी के क्रम में भाजपा ने संगठन की चुनावी बिसात पर महिला शक्ति की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने की महत्वपूर्ण और उपयोगी पहल की है। महिला मोर्चा की सक्रियता बढ़ाने के लिए पार्टी ने पहली बार विधानसभावार महिला प्रवासियों की तैनाती की है।

इनमें ज्यादातर ऐसी महिला प्रवासी हैं, जिन्हें दूसरे राज्यों से गोरखपुर क्षेत्र में प्रवास के लिए भेजा गया है। प्रवास के पहले चरण में सात दिन के प्रवास पर आईं ये महिला पदाधिकारी केवल संगठन की बैठकें ही नहीं कर रहीं, बल्कि स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं के बीच रहकर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार कर रही हैं। भाजपा की इस पहल का केंद्र महिला मतदाता हैं।

पार्टी की मंशा है कि महिला मोर्चा घर-घर तक अपनी पहुंच बनाए और मतदाता जोड़ो अभियान मे महिलाओं की भागीदारी बढ़े। अधिक से अधिक महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ महिला कार्यकर्ताओं को इस अभियान का प्रमुख चेहरा बनाने की तैयारी है।

इसके लिए प्रवासी अपने राजनीतिक अनुभव व संगठनात्मक कार्यशैली से स्थानीय कार्यकर्ताओं को परिचित करा रही हैं। चुनाव की घोषणा होते ही महिला प्रवासी एक बार फिर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंच जाएंगी और मतदान तक प्रवासी करेंगी।

दूसरे राज्यों का अनुभव, स्थानीय संगठन को नई दिशा
महिला प्रवासियों की तैनाती को संगठन के भीतर अनुभवों के आदान-प्रदान की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। अलग-अलग राज्यों में संगठन के लिए काम कर चुकीं महिला पदाधिकारी यहां की कार्यकर्ताओं को बता रही हैं कि बूथ स्तर पर महिलाओं की भागीदारी कैसे बढ़ाई जा सकती है। घर-घर संपर्क, महिला समूहों से संवाद और नए मतदाताओं को जोड़ने जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। स्थानीय महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी सक्रियता और चुनावी तैयारियों की जानकारी भी ली जा रही है।

कहां मजबूत, कहां कमजोर है महिला मोर्चा
सात दिन का यह प्रवास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। महिला प्रवासी विधानसभा क्षेत्रों में महिला मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे की भी पड़ताल कर रही हैं। किस क्षेत्र में कितनी कार्यकर्ता सक्रिय हैं, बूथ स्तर पर उनकी पहुंच कैसी है और किन स्थानों पर संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है, इन बिंदुओं पर फोकस है। यानी एक तरफ कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारी के लिए तैयार किया जा रहा है तो दूसरी तरफ संगठन की कमियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। प्रवास के बाद महिला मोर्चा की सक्रियता और मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर आगे की रणनीति तय होगी।

गोरखपुर के विधानसभा क्षेत्रों में महिला प्रवासी
कैंपियरगंज – कुमकुम (बिहार)
पिपराइच – सलाका (महाराष्ट्र)
गोरखपुर सदर – श्वेता सिंह (बिहार)
गोरखपुर ग्रामीण – पूनम झा (बिहार)
सहजनवां – मंजू दास (बिहार)
खजनी (सु.) – अंकिता चौधरी सावे (महाराष्ट्र)
चौरीचौरा – पिंकी पाठक (झारखंड)
बांसगांव (सु.) – नाम की घोषणा बाकी
चिल्लूपार – वर्षा डहारे (महाराष्ट्र)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।