बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर झोंका फायर, दो गिरफ्तार
हत्या के आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। पुलिस ने अपने को सुरक्षित करते हुए हत्यारोपित समेत दो बदमाशों को दबोच लिया।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया के गौरीबाजार के योगेश हत्याकांड के आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। पुलिस ने अपने को सुरक्षित करते हुए हत्यारोपित समेत दो बदमाशों को दबोच लिया। साथ ही हत्याकांड में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। गिरफ्तार बदमाशों के अन्य कई घटनाओं में भी शामिल होने की बात कही जा रही है।
16 मार्च को रंगदारी न देने पर गौरीबाजार के दुकानदार योगेश जायसवाल की शातिर बदमाश विवेक सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में विवेक सिंह के अलावा पननहा निवासी मन्नू यादव भी आरोपित है। कुछ दिन पूर्व विवेक सिंह ने न्यायालय में समर्पण कर दिया, जबकि मन्नू फरार चल रहा था। मुखबिर से पुलिस को शनिवार की रात सूचना मिली कि वह बुलेट मोटरसाइकिल से नकटा पुल के समीप से गुजरने वाला है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक गौरीबाजार अरुण कुमार, विशेष टीम के प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उप निरीक्षक संतोष सिंह के साथ नकटा नाले पर पहुंच गए।
इस बीच बुलेट मोटरसाइकिल पर दो युवक आते नजर आए। यह देख पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों ने फायर झोंक दिया। पुलिस टीम ने अपने को सुरक्षित करते हुए बुलेट सवारों को दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम मन्नू यादव निवासी पननहा, शैलेंद्र सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी कैलानी थाना मईल बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से असलहा भी बरामद हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल ने बताया कि मन्नू योगेश हत्याकांड का सह आरोपित है। शैलेंद्र सिंह मुख्य आरोपित विवेक सिंह के रिश्ते का मामा है।