कश्मीर के फैसले पर जनविश्वास हासिल करेगी भाजपा, फुलप्रूफ रणनीति तैयार Gorakhpur News
इस अभियान में पदाधिकारियों को जनसभाओं के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में 370 एवं 35ए के हटाए जाने के बाद कश्मीर के लोगों मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी देना होगा।
गोरखपुर, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर में अनु. 370 और 35ए के लगाए जाने के नुकसान और हटाए जाने के फायदे पर आमजन का विश्वास हासिल करने के लिए भाजपा नेतृत्व ने एक फुलप्रूफ रणनीति तैयार की है। इसके लिए बाकायदा अलग-अलग शाखा बनाकर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। पार्टी का एक बड़ा मकसद अनु. 370 व 35ए को हटाने को लेकर लोगों में फैले भ्रम को दूर करना भी है।
दो तरह के अभियान शुरू
राष्ट्रीय एकता अभियान के नाम से शुरू किए जा रहे इस कार्य के लिए दो शाखाएं बनाई गई हैं। पहली संपर्क शाखा और दूसरी जन-जागरण शाखा। क्षेत्रीय स्तर पर संपर्क शाखा के संयोजक की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हरीनाथ भाई को और जन-जागरण शाखा की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी को सौंपी गई है। संपर्क अभियान का जिला संयोजक मनोज शुक्ला तो महानगर संयोजक जगनैन सिंह नीटू को बनाया गया है जबकि संपर्क अभियान के जिला संयोजक की जिम्मेदारी छोटेलाल मौर्य और महानगर संयोजक की जिम्मेदारी प्रबल प्रताप शाही को सौंपी गई है।
इनसे होगा संपर्क
संपर्क अभियान के तहत ख्यातिलब्ध लोगों से संपर्क स्थापित किया जाना है। संपर्क अभियान में केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसे लेकर जिला और क्षेत्रीय संयोजक को प्रदेश संयोजक के साथ योजना बनानी होगी। उन्हें विशिष्ट लोगों के बीच सभाएं भी करनी होंगी।
जनजागरण अभियान में सभी जिलों के जिला संयोजक भी बनाए जा चुके हैं। इस अभियान में पदाधिकारियों को जनसभाओं के माध्यम से जम्मू-कश्मीर में 370 एवं 35ए के हटाए जाने के बाद की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है। यह बताना है कि बदलाव के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं। पहले किस तरह से वह इन सुविधाओं से वंचित रहे हैं। संपर्क और जनजागरण अभियान पूरे सितंबर चलेगा।
ख्यातिलब्ध लोगों की तैयार हो रही सूची
संपर्क अभियान के तहत जिन ख्यातिलब्ध लोगों से पदाधिकारियोंं को मिलना है, उनकी सूची तैयार की जा रही है। किसी प्रमुख व्यक्ति से किस राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी को मिलना है, इसका भी खाका तैयार कर लिया जाएगा।
प्रमुख पदाधिकारी संयोजक को करेंगे सहयोग
जन-जागरण अभियान के तहत आयोजित होने वाली जनसभाओं के लिए जिले और महानगर स्तर पर टोलियां बनाई जा रही हैं। इसके लिए जिला और महानगर के प्रमुख पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। उ'च नेतृत्व से निर्देश है कि वह जिला संयोजक को यथासंभव सहयोग करेंगे। जनसभाओं में निचले स्तर पर हर वर्ग के हर व्यक्ति की सहभागिता हो यह सुनिश्चित करने के लिए मंडल स्तर तक भी टीम लगाई गई।