अयोध्या से जुड़ेगा बस्ती का मख धाम, जानें-श्रीराम से क्या है संबंध Gorakhpur News
यह वह अंचल है जहां त्रेताकाल में राजा दशरथ ने पुत्रेष्टि यज्ञ की थी। उसके बाद श्रीराम भरत शत्रुघ्न और लक्ष्मण का जन्म हुआ। मख धाम अब मखौड़ा के नाम से जाना जाता है।
गोरखपुर, जेएनएन। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या भव्य हो तो गुरु वशिष्ठ की नगरी बस्ती कैसे वंचित रह सकती है। पर्यटन के मानचित्र पर अयोध्या से अब बस्ती जिले का मख धाम क्षेत्र भी जुड़ेगा।
दशरथ ने यहीं किया था पुत्रेष्टि यज्ञ
यह वह अंचल है जहां त्रेताकाल में राजा दशरथ ने पुत्रेष्टि यज्ञ किया था। उसके बाद श्रीराम, भरत, शत्रुघ्न और लक्ष्मण का जन्म हुआ। मख धाम अब मखौड़ा के नाम से जाना जाता है। यज्ञ कराने वाले ऋषि श्रृंगी की धर्मपत्नी का स्थान भी मखौड़ा से दस किमी दूर श्रृंगीनारी देवी स्थान के रूप में चर्चित है।
दोनो स्थान जुड़ेंगे अयोध्या से
यह दोनों ही स्थल जिले के परशुरामपुर ब्लाक में हैं। पर्यटक स्थल के रूप में इन स्थलों को विकसित कर अयोध्या से सीधे जोडऩे का खाका तैयार किया जाने लगा है। इससे रोजगार की भी संभावना बढ़ेगी। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने इन स्थलों का दौरा कर प्रस्ताव तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है।
एसडीएम के नेतृत्व में गठित हुई टीम
उप जिलाधिकारी हर्रैया के नेतृत्व में एक कमेटी गठित की गई है। कमेटी में पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सिद्धार्थनगर, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-चार, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड हर्रैया एवं बीडीओ परशुरामपुर सदस्य नामित किए गए हैं।
स्थलीय निरीक्षण कर योजना प्रस्तुत करेगी टीम
यह टीम मखौड़ा धाम और श्रृंगीनारी को अयोध्या से जोडऩे वाले मार्गों के निर्माण और मूलभूत संसाधन बिजली,पानी और शौचालय की अच्छी सुविधा के लिए स्थलीय निरीक्षण कर नजरी नक्शा के आधार पर योजना प्रस्तुत करेगी। मनोरमा नदी को स्वच्छ व निर्मल रखने की भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।