गहमागहमी के बीच शुरू हुआ बार एसोसिएशन का चुनाव, आज ही आएगा परिणाम Gorakhpur News
गोरखपुर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन 2020 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे से छह बूथों पर मतदान शुरू हुआ जो शाम चार बजे तक चलेगा। 2392 मतदाता 92 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन 2020 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे से छह बूथों पर मतदान शुरू हुआ जो शाम चार बजे तक चलेगा। 2392 मतदाता 92 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान में भाग लेने के लिए अधिवक्ताओं को बार काउंसिल से जारी सीओपी (सार्टिफिकेट आफ प्रैक्टिस) दिखाना अनिवार्य है।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राम गोविंद पति तिवारी और सदस्य रामधेश्याम पांडेय तथा शरत चंद दीक्षित ने बताया क मतदान खत्म होने के बाद शाम सात बजे से अध्यक्ष और मंत्री पद की मतगणना शुरू कर दी जाएगी। देर रात तक दोनों पदों का परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। अन्य पदों की मतगणना दूसरे दिन होगी। कमेटी ने सभी अधिवक्ताओं से मतदान की पारदर्शिता, पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
सुबह से ही शुरू हो गई गहमागहमी
चुनाव के लिए सुबह से ही गहमागहमी शुरू हो गई थी। कई दिनों के सार्वजनिक प्रचार के बाद प्रत्याशी अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से अपने पक्ष में मतदान का अनुरोध कर रहे थे। भारी भीड़ को देखते हुए चुनाव स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी। चुनाव अधिकारी के अनुसार आज ही रात तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। लगभग दो वर्ष बाद चुनाव होने के कारण मतदान के प्रति अधिवक्ताओं में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। दो घंटा मतदान के बाद लगभग 500 मत डाले जा चुके हैं। अधिवक्ताओं की सभी बूथों पर लंबी कतार दिखाई दे रही है।