बोले बाबू सिंह कुशवाहा-बसपा अब धन्नासेठों की पार्टी Gorakhpur News
जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को कुशीनगर जिले में पडरौना नगर के यूएनपीजी कॉलेज के खेल मैदान पर चेतना रैली को संबोधित कर रहे थे।
गोरखपुर, जेएनएन। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि तीन दशक पूर्व सामाजिक समानता की विचारधारा के साथ कांशीराम ने वंचित समाज के लोगों को न्याय दिलाने के लिए बसपा का गठन किया था। उनके साथ ही विचारधारा भी चली गई। अब बसपा भी धन्ना सेठों की पार्टी बन गई है। सपा, बसपा व कांग्रेस पिछड़ा समाज का भला नहीं कर सकती। इस समाज के लोगों को अपना हक पाने के लिए खुद की सरकार बनानी होगी। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को कुशीनगर जिले में पडरौना नगर के यूएनपीजी कॉलेज के खेल मैदान पर भागीदारी संकल्प मोर्चा की ओर से आयोजित वंचित समाज अधिकार चेतना रैली को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
वंचित समाज के लोगों को लानी होगी क्रांति
उन्होंने वंचित समाज के लोगों को अपना हक पाने के लिए क्रांति लानी होगी। व्यवस्था परिवर्तन के बिना यह संभव नहीं है। जातिगत खेमा छोड़कर पिछड़े समाज के लोग अगर विचारधारा बदल दें तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यूपी में 30-32 फीसद वोट पाने वाली पार्टी सरकार बनाने में सक्षम होती है। जबकि सूबे में पिछड़ा वर्ग की भागीदारी 45 फीसद है। अगर हम मुस्लिमों को मिला लें तो यह संख्या 62 फीसद तक पहुंच जाएगा।
भाजपा सरकार से निजात पाने की जरूरत
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारी भाजपा सरकार से निजात पाने के लिए सूबे में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार बनाने का संकल्प लेना होगा। अध्यक्षता कर रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी पिछड़ा समाज के लोगों को एक मंच पर आने का आह्वान किया।