तो 5 दिन बैंक बंद रह सकता है बैंक! नोट कर लें तारीख, इस दिन शुरू होगी हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स की प्रस्तावित हड़ताल और लगातार छुट्टियों के कारण 26 से 30 सितंबर तक उत्तर प्रदेश में पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
यूएफबीयू की 28-30 सितंबर को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है
26-27 सितंबर को अवकाश, जिससे लगातार पांच दिन बैंक बंद रहेंगे
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और पेंशन अपडेशन प्रमुख मांगों में शामिल
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल से उत्तर प्रदेश में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं पहले से बंद रहेंगी। ऐसे में 22 और 23 सितंबर को होने वाली समझौता वार्ता में सहमति नहीं बनी तो 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा।
हड़ताल से पहले वित्तीय सेवा विभाग ने सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसबी), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी), भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और नाबार्ड के शीर्ष प्रबंधन की बैठक बुलाई है।
वित्तीय सेवा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में हड़ताल के दौरान बैंकिंग संचालन और आवश्यक ग्राहक सेवाओं को जारी रखने के लिए आकस्मिक उपायों पर चर्चा होगी।
पीएसबी, आरआरबी, आईबीए और नाबार्ड के शीर्ष प्रबंधन की होगी बैठक
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि मुख्य श्रमायुक्त (केंद्रीय) ने 22 और 23 सितंबर को आईबीए, बैंक प्रबंधन, वित्त मंत्रालय और यूनियनों के प्रतिनिधियों को समझौता वार्ता के लिए बुलाया है। सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का निर्णय लागू रहेगा।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह प्रमुख मांग
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) का बिना भेदभाव भुगतान, रिक्त पदों पर नियुक्ति और प्रोन्नति, पेंशन अपडेशन तथा पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता फार्मूला शामिल हैं। एनपीएस के तहत आने वाले कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना में बदलाव का विकल्प देने की मांग भी की जा रही है।
पांच दिन ऐसे प्रभावित होगा कामकाज
- 26 सितंबर : चौथा शनिवार, बैंक बंद
- 27 सितंबर : रविवार, साप्ताहिक अवकाश
- 28-30 सितंबर : यूएफबीयू की तीन दिवसीय हड़ताल
लगातार पांच दिन शाखाएं बंद रहने की स्थिति में नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, भुगतान और अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सेवाओं पर असर संबंधित बैंक की व्यवस्था पर निर्भर करेगा। ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले निपटाने की सलाह दी जा रही है।
