संतकबीर नगर में विदेशी सैलानियों के साथ मारपीट, लूटपाट का प्रयास Gorakhpur News
सभी विदेशी सैलानी फ्रांस के रहने वाले है। वह बस्ती- सेमरियावां के बीच में कुछ खरीदने के लिए रात में रुके थे। कुछ बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया।
गोरखपुर, जेएनएन। संत कबीर नगर जनपद के दुधारा थाना क्षेत्र के सेमरियावां के पास गुरुवार की रात बस्ती की तरफ से सोनौली जा रहे कुछ विदेशी सैलानियों के साथ बदमाशों ने लूटपाट करने का प्रयास किया। भागने के दौरान एक सैलानी को कुछ लोगों ने फेंककर पस्थर मार दिया जिससे एक युवक के सिर में चोट आ गई।
डाक्टरों ने की इलाज
विदेशी सैलानी इस घटना से काफी सहम गए और बीएमसीटी मार्ग के रास्ते मेंहदावल सीएचसी पहुंचे। यहां पर उनका उपचार किया गया तथा उनको रात्रि विश्राम के लिए अस्पताल में ही रुकने को चिकित्सकों ने सलाह दी।
मौके पर पहुंची
विदेशी पर्यटकों के मेंहदावल सीएचसी में आने की जानकारी होने पर मेंहदावल के एसओ करुणाकर पांडेय ने पुलिस भेजकर पर्यटकों को थाने पर बुलवाकर सुरक्षा प्रदान किया। पुलिस ने सैलानियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
खरीदारी के लिए रुके थे सैलानी
बताते हैं कि मारपीट की घटना से सभी सैलानियों में काफी भय व्याप्त था। बातचीत में पता चला है कि सभी विदेशी सैलानी फ्रांस के रहने वाले है। वह बस्ती- सेमरियावां के बीच में कुछ खरीदने के लिए रात में रुके थे। कुछ बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया। इस दौरान पर्यटक चारपहिया वाहन से चलने को हुए। तभी बदमाशों ने एक सैलानी को पत्थर मारकर घायल कर दिया। उसके सिर में चोट भी आई है। सैलानी किसी तरह से मेंहदावल सीएचसी पहुंचे। चिकित्सकों ने उनका इलाज किया।
पुलिस ने कराई भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था
सैलानियों ने अपनी पहचान हूगो पुत्र मौजी, पाल पुत्र मैली, फ्लोरेंट पुत्र पिल्स निवासी पेरिस (फ्रांस) बताया है। मेंहदावल थाने में उनको भोजन व रहने की व्यवस्था थानाध्यक्ष के द्वारा की गई है। एसओ करुणाकर पांडेय ने बताया की जानकारी होने पर तीनों विदेशी सैलानियों को मेंहदावल थाने पर बुला लिया गया है। उनके रहने व खाने की व्यवस्था कर दी गई है। बाकी उनकी बातचीत से फिलहाल कुछ ज्यादा स्पष्ट नहीं हो पाया है। जानकारी करने का प्रयास किया जा रहा है।
ओवरलोड कर नेपाल गए 36 भारतीय ट्रकों पर कार्रवाई
सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल गए भारतीय मालवाहक ट्रकों पर गुरुवार को नेपाल प्रशासन ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। 36 भारतीय ट्रक ओवरलोडिंग में पकड़े गए। जिनसे लाखों रुपये जुर्माना वसूला गया। नेपाल प्रशासन की इस कार्रवाई ने सोनौली स्थित भारतीय कस्टम व नेपाल स्थित बेलहिया भंसार कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारतीय ओवरलोड ट्रकों पर रोक की मांग
नेपाल पश्चिमांचल यातायात व्यवसाय समिति के अध्यक्ष एम प्रसाद पांडेय व लुंबिनी ट्रक व्यवसाय समिति द्वारा नेपाल पुलिस को पत्र देकर भारतीय ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की गई थी। नेपाल की रुपनदेही प्रशासनिक अमले ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया तो बात सही साबित हुई। 36 ट्रक ओवरलोड में पकड़े गए। यातायात व्यवस्था कार्यालय सवारी रुपंदेही के प्रमुख मुक्ति पांडेय ने बताया कि ओवरलोड में 36 भारतीय वाहनों को ओवरलोड के आरोप में पकड़ा गया है। सभी को नियमानुसार जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया है।