मेड़ पर केवल एक फावड़ा चलाया था, मना करने पर उसी फावड़े से काटकर कर दी किसान की हत्या Gorakhpur News
गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी खजनी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि दो टीमें अभियुक्तों की तलाश में लगाई गई हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में फावड़े से काटकर हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में एक महिला का नाम भी शामिल है। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस, अभियुक्तों का सुराग नहीं लगा पाई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। आरोपितों के संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
ये था मामला
हरपुर बुदहट क्षेत्र के समुदा निवासी अशोक सिंह का बगल के गांव रानीपुर की सीमा मेें भी एक खेत है। रानीपुर गांव के संतराज उनके खेत के बीच से अपने घर जाने के लिए रास्ता निकालना चाहता था। अशोक सिंह इसके लिए तैयार नहीं थे। बुधवार की शाम को चार बजे के आसपास अशोक सिंह, रानीपुर स्थित खेत देखने गए थे। इस दौरान संतराज उनके खेत का मेड़ काटने के लिए एक ही बार फावड़ा चलाया था। अशोक सिंह ने उसे मेड़ काटने से मना कर दिया। संतरात को अशोक की बात इतनी नागवर लगी कि उसने विवाद शुरू कर दिया। इस दौरान संतराज के परिवार के बाकी सदस्य भी आ गए। आरोप है कि संतराज और उसके तीन बेटों जय प्रकाश, रुद्र प्रताप, उपेंद्र कुमार और रुद्र प्रताप की पत्नी पार्वती देवी ने फावड़े से हमला कर अशोक सिंह को मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगीं
अशोक सिंह के पुत्र आकाश सिंह ने इस संबंध में नामजद तहरीर दी थी। गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी खजनी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि दो टीमें अभियुक्तों की तलाश में लगाई गई हैं। दूसरे दिन भी रानीपुर गांव में पुलिस तैनात रही। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दी है।