गीडा में बदलेगी व्यवस्था, तैनात होंगे 60 सफाई कर्मी Gorakhpur News
गीडा को सफाई के लिए छह सेक्टरों में बांटा गया है। इसके लिए आउटसोर्सिंग पर 81 सफाईकर्मी तथा छह सुपरवाइजर रखे जाएंगे। लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में आने वाले दिनों में सफाई व्यवस्था बदली-बदली सी नजर आएगी। गीडा को साफ-सुथरा रखने को लेकर नया मास्टर प्लान बनाया गया है। इसके तहत गीडा को छह सेक्टरों में बांटा जाएगा। एक सेक्टर में 10 सफाई कर्मी एवं एक सुपरवाइजर तैनात होंगे। कूड़ा हटाने के लिए नए वाहनों की भी खरीद होगी। इसके लिए गीडा के आवंटियों से यूजर चार्ज भी वसूला जाएगा।
बनाई गई नई योजना
गीडा की ओर से स्वच्छता को लेकर नई योजना बनाई गई है। प्रत्येक वार्ड में कूड़ा रखने के लिए स्थान चिह्नित किए जाएंगे और करीब तीन एकड़ क्षेत्रफल का एक कूड़ा डंपिंग स्थान भी बनाया जाएगा। इसके अलावा सफाई के लिए दो टाटा मैजिक, एक मिनी जेसीबी तथा एक ट्रैक्टर-ट्राली भी क्रय किए जाएंगे। प्रोजेक्ट पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
एक करोड़ होंंगेे खर्च
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजीव रंजन का कहना है कि गीडा को सफाई के लिए छह सेक्टरों में बांटा गया है। इसके लिए आउटसोर्सिंग पर 81 सफाईकर्मी तथा छह सुपरवाइजर रखे जाएंगे। लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गीला व सूखा कचरा अलग रखने के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक
नई व्यवस्था शुरू होने के साथ आवंटियों को सूखा व गीला कचरा अलग-अलग रखना होगा। इसके लिए स्थान भी तय किया जाएगा। हालांकि आवंटियों को जागरूक करने के लिए गीडा प्रशासन जागरूकता अभियान भी चलाने का खाका तैयार किया है, जिससे कोई कचरा इधर-उधर सड़क पर नहीं फेंके।