छत से गिरे किशोर के गले में घुसी सरिया, अफवाह पर मची थी भगदड़
कुछ लोगों ने पुराने सिनेमाहाल के पास अफवाह उड़ा दी कि पुलिस जुआ खेलने वालों पर दबिश डालने जा रही है। इससे वहां भगदड़ मच गई। ऋषभ भी कुछ लोगों के साथ छत पर बैठा हुआ था। उसने भागने की कोशिश की तो छत से गिर गया।
गोरखपुर, जेएनएन। चौरीचौरा क्षेत्र के नगर पंचायत मुंडेरवा बाजार में छत से गिरे एक किशोर के गले में सरिया घुस गई। किशोर का जिला मुख्यालय स्थित एक निजी चिकित्सालय में उपचार चल रहा है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। किशोकर का नाम ऋषभ पुत्र धर्मराज है। वह मुंडेरा बाजार का निवासी है।
दोपहर करीब तीन बजे कुछ लोगों ने पुराने सिनेमाहाल के पास अफवाह उड़ा दी कि पुलिस जुआ खेलने वालों पर दबिश डालने जा रही है। इससे वहां भगदड़ मच गई। ऋषभ भी कुछ लोगों के साथ छत पर बैठा हुआ था। उसने भागने की कोशिश की तो छत से गिर गया। इससे सरिया उसके गले में घुस गई। किसी तरह से उसे जिला मुख्यालय लाया गया। यहां एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उप पुलिस अधीक्षक चौरीचौरा दिनेश सिंह ने बताया कि घायल किशोर खतरे से बाहर है।
ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मासूम की मौत
बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैकौली में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से आठ वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। बालक का नाम आर्यन है। वह गांव के श्रीकिशुन का पुत्र था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव के ऋषिकेश प्रसाद के खेत कंबाइन मशीन से धान काटा जा रहा था। धान ट्रैक्टर-ट्राली के माध्यम से घर ले जाया जा रहा था। खेत में आर्यन भी मौजूद था। ट्राली पीछे करते समय आर्यन ट्राली की चपेट में आ गया। ट्राली का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।