छठ-दिवाली पर नहीं होगी टिकटों की मारामारी, अमृत भारत की रेक से चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें
रेलवे बोर्ड ने त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए अमृत भारत की रेक से स्पेशल ट्रेनें चलाने ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
अमृत भारत की रेक से चलेंगी त्योहार स्पेशल ट्रेनें।
दशहरा, दीपावली, छठ पर यात्रियों को मिलेगी राहत।
इन स्पेशल ट्रेनों में सामान्य किराया ही लिया जाएगा।
प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। त्योहारों में अमृत भारत की रेक से भी स्पेशल ट्रेनें चल सकेंगी। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों को भीड़ से राहत देने के लिए रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चला सकेगा, वह भी बिना किराए बढ़ाए। रेलवे बोर्ड ने अमृत भारत की सुविधा संपन्न नान एसी रेक से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों को मेल/एक्सप्रेस स्पेशल मानने की व्यवस्था की है। यानी, इन स्पेशल ट्रेनों में भी पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार ही सामान्य स्पेशल ट्रेनों का किराया लिया जाएगा। यह व्यवस्था छह महीने तक लागू रहेगी।
रेलवे बोर्ड के मुताबिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन से जुड़े अन्य नियम और शर्तों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी किराया व्यवस्था में यह विशेष प्रावधान लागू होने के बावजूद स्पेशल ट्रेनों के संचालन से संबंधित बाकी मौजूदा प्रविधान पहले की तरह ही प्रभावी रहेंगे। यह फैसला फाइनेंस कामर्शियल डायरेक्टरेट की सहमति से जारी किया गया है। भारतीय रेलवे के सभी प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधकों (पीसीसीएम) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
त्योहारों में देशभर विशेषकर पूर्वांचल व बिहार के लोगों का आवागमन बढ़ जाता है। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर ट्रेनें कम पड़ जाती हैं। दिल्ली, एलटीटी, पुणे, सूरत, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और सिकंदराबाद आदि शहरों से चलने वाली ट्रेनें नो रूम (टिकटों की बुकिंग बंद) हो जाती हैं। लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। कोचों के अभाव में रेलवे चाहकर भी मांग के अनुरूप अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेनें नहीं चला पाता।
ऐसे में रेलवे बोर्ड का यह निर्णय त्योहारों में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक सफर देने का रास्ता साफ करेगा। जोनल रेलवे, जरूरत के अनुसार अमृत भारत की रेक भी स्पेशल ट्रेन के रूप में उपयोग में ला सकेंगे। दरअसल, भारतीय रेलवे स्तर पर आइसीएफ कोचों (इंटीग्रल कोच फैक्ट्री) का निर्माण बंद हो गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर बस हादसे में बड़ा खुलासा, चालक के पास नहीं था हैवी लाइसेंस
अब सिर्फ आधुनिक लिंक हाफमैन बुश (एलएचबी) कोच और सुविधा संपन्न नान एसी अमृत भारत तथा सेमी हाईस्पीड एसी वंदे भारत की रेक ही बन रही हैं। एक्सप्रेस, एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेन सिर्फ एलएचबी से चल रही हैं। एक्सप्रेस, एक्सप्रेस व पैसेंजर के अलावा अमृत भारत व वंदे भारत ट्रेनें ही चलेंगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर से दिल्ली और बांद्रा के लिए दो अमृत व प्रयागराज तथा पाटलिपुत्र के लिए दो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।
