विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवती की आंख के नीचे निकला अतिरिक्त दांत और ट्यूमर, गोरखपुर एम्स के डॉक्टरों ने सर्जरी कर बचाई रोशनी

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:43 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 15 Nov 2026 08:45 PM (GMT+05:30)

गोरखपुर एम्स में 22 वर्षीय युवती की आंख के नीचे से अतिरिक्त दांत और ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया। इस जटिल ...और पढ़ें

युवती के आंख के नीचे निकला अतिरिक्त दांत।

युवती के आंख के नीचे निकला अतिरिक्त दांत।

HighLights

  1. 22 वर्षीय युवती की आंख के नीचे अतिरिक्त दांत और ट्यूमर।

  2. गोरखपुर एम्स में जटिल सर्जरी द्वारा सफलतापूर्वक निकाला गया।

  3. सर्जरी से युवती की आंखों की रोशनी जाने का खतरा टला।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। चेहरे पर सूजन और आंख के पास बढ़ते दर्द की शिकायत लेकर एम्स पहुंची 22 वर्षीय युवती की जांच में ऐसा विरला मामला सामने आया, जिसने डॉक्टरों को भी चौंका दिया। युवती की दाईं आंख के नीचे एक अतिरिक्त दांत विकसित हो गया था।

इसके साथ ट्यूमर भी था, जो धीरे-धीरे चेहरे और आंख की हड्डी को नुकसान पहुंचा रहा था। इससे उसकी आंख की रोशनी जाने का खतरा पैदा हो गया था। एम्स के दंत शल्य विभाग की टीम ने जटिल आपरेशन कर अतिरिक्त दांत और ट्यूमर को निकाल दिया। सर्जरी के बाद युवती की हालत स्थिर है। उसे निगरानी में रखा गया है।

युवती को कई महीनों से ऊपरी दांतों के पास मवाद आने, चेहरे में भारीपन, सिरदर्द और दाईं आंख के आसपास सूजन की समस्या थी। कई जगह उपचार कराने के बावजूद राहत नहीं मिली और परेशानी बढ़ती गई।

इसके बाद उसने एम्स के दंत रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शैलेश कुमार से संपर्क किया। जांच और स्कैन में आंख के नीचे अतिरिक्त दांत और उससे जुड़े ट्यूमर का पता चला। ट्यूमर के बढ़ने से आंख की हड्डी प्रभावित हो रही थी और रोशनी जाने का जोखिम था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एम्स की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता को इसकी जानकारी दी गई। निश्चेतना विभाग की जांच के बाद युवती का पूर्ण बेहोशी में आपरेशन किया गया। डॉ. शैलेश कुमार ने सर्जरी की। इसमें जूनियर रेजिडेंट डा. सुधांशु व डा. सुमित कुमार ने सहयोग किया।

एनेस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. संतोष शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गणेश निमजे और नर्सिंग स्टाफ की भी अहम भूमिका रही। सफल ऑपरेशन पर कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता व दंत रोग विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीनिवास ने चिकित्सकों की टीम को बधाई दी।

पहले इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को दिल्ली या लखनऊ जाना पड़ता था, लेकिन अब एम्स गोरखपुर में भी इस तरह के उपचार की सुविधा उपलब्ध हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार व नेपाल के रोगियों को बड़ी राहत मिल रही है। -डॉ. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक एम्स।

चेहरे पर असामान्य सूजन, मवाद या लंबे समय तक बने रहने वाले दर्द को सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन से परामर्श लेना जरूरी है। समय पर अस्पताल पहुंचने पर जटिलता कम हो सकती है। -डॉ. शैलेश कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर दंत रोग विभाग, एम्स।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।