यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोरखपुर का अघोर पीठ भी बनेगा पर्यटन केंद्र, जानें-मुख्यमंत्री ने क्या दिया है निर्देश Gorakhpur News
सीएम की पहल पर प्रदेश सरकार ऐसे सभी आध्यात्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है।इसी क्रम में अघोर पीठ को भी चमकाने का निर्णय सरकार ने लिया।

गोरखपुर, जेएनएन। राप्ती नदी के तट पर स्थापित अघोर पीठ बहुत जल्द पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी है। अफसरों ने मौके का मुआयना कर कार्यदायी सीएनडीएस (कन्स्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को इस्टीमेट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंप दी है।
अवधूत छबीले राम ने सीएम को दिया था पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश सरकार ऐसे सभी आध्यात्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला रहता है। इसी क्रम में अघोर पीठ को भी चमकाने का निर्णय सरकार ने लिया। बीते दिनों पीठ के संस्थापक अवधूत छबीले राम ने इसे लेकर एक प्रार्थना-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा था।
पर्यटन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी ने पर्यटन विभाग को इस बाबत निर्देशित किया। इसके बाद क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण कर पर्यटन केंद्र के रूप उसे विकसित करने का खाका तैयार किया। पीठ स्थल पर लैंडस्केप, टूरिस्ट सेल्टर, हवन कुंड बनाया जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए टॉयलेट ब्लॉक, हाईमास्ट, बेंच, वाटर पोस्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। इन कार्यों में करीब 1.5 करोड़ रुपये के खर्च की संभावना जताई जा रही है।
धन मिलते ही शुरू होगा कार्य
इस संबंध में गोरखपुर के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि अघोर पीठ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस से इस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। इस्टीमेट मिलते ही स्वीकृति के लिए उसे शासन को भेज दिया जाएगा। धन आवंटित होते ही पीठ के सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।