यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अघोर पीठ शवों को भेंट कर रहा आखिरी उपहार, मई से शुरू हुआ अभियान अभी चलता रहेगा Gorakhpur News
पीठ प्रमुख अवधूत छबीलेराम को यह सूचना मिली कि कुछ शव बिना कफन के जलाए जा रहे हैं। उन्होंने आनन-फानन में कफन के लिए कपड़ा मंगाया। अब तक 14 सौ मीटर कपड़ा मंगा चुके हैं। जिसमें से 12 सौ मीटर खर्च हो चुका है।

गोरखपुर, जेएनएन। जब बाजार बंद होने से मृतकों के स्वजन कफन के लिए परेशान थे। उस समय अघोर पीठ उनके साथ खड़ी हुई। पीठ के तत्वावधान में राजघाट पर ले जाए जा रहे कोरोना संक्रमितों के शवों के लिए अंतिम उपहार (कफन) प्रदान किया जा रहा है। यह अभियान छह मई से शुरू हुआ है। अब तक 480 कफन उपलब्ध कराया जा चुका है।
पीठ प्रमुख अवधूत छबीलेराम को यह सूचना मिली कि कुछ शव बिना कफन के जलाए जा रहे हैं। उन्होंने आनन-फानन में कफन के लिए कपड़ा मंगाया। अब तक 14 सौ मीटर कपड़ा मंगा चुके हैं। जिसमें से 12 सौ मीटर खर्च हो चुका है। एक कफन में ढाई मीटर लगता है। इस तरह अब तक 480 शवों के लिए कफन उपलब्ध कराया गया है। शुरुआत के दो-चार दिन पीठ के स्वयं सेवक कफन लेकर घाट पर खड़े रहते थे। शव के साथ पहुंच रहे स्वजन को प्रदान करते थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने वहां नगर निगम के कैंप कार्यालय में रखवाना शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में रोज लगभग 25 कफन लगते थे। बीच के दिनों में इनकी संख्या घटकर 10-12 हो गई। अब रोज चार-पांच कफन ही लगता है।
पहली लहर में खोल दिया था भंडारा
अघोर पीठ ने कोरोना की पहली लहर में बाहर से आ रहे प्रवासियों के लिए भंडारा खोल दिया था। प्रतिदिन सौ से अधिक लोगों को भोजन कराया जाता था। बिछिया में रह रहे 50 रिक्शे वालों के लिए दोनों समय रोज भोजन जाता था। इसके अलावा रोज नौसढ़़ व बस स्टेशन पर स्टाल लगाकर लोगों को भोजन कराया जाता था। यह अभियान 42 दिन लगातार चला था।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोर पीठ के संस्थापक अवधूत छबीलेराम का कहना है कि मानव सेवा से बढ़कर दूसरी कोई साधना नहीं है। भूखों को भोजन कराने का मतलब परमात्मा को तृप्त करना है। मई में जब सुनने में आया कि कुछ शव बिना कफन के जलाए गए हैं तो मुझे लगा कि इस संकट के समय में शवों को अंतिम विदाई दी जानी जरूरी है। इसलिए कफन की व्यवस्था की गई। यह अभियान अभी चलता रहेगा।