गोरखपुर में 15 हजार करोड़ से बनेगा ग्रीन अमोनिया प्लांट, 1000 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार
गोरखपुर में एसीएमई ग्रुप 15,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीन अमोनिया प्लांट स्थापित करेगा, जिससे 1000 प्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में 15 हजार करोड़ का ग्रीन अमोनिया प्लांट।
एसीएमई ग्रुप धुरियापार में 150 एकड़ जमीन तलाश रहा।
प्लांट से 1000 लोगों को मिलेगा प्रत्यक्ष रोजगार।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरक्षनगरी अब सिर्फ खाद उत्पादन और पारंपरिक उद्योगों के लिए ही नहीं, बल्कि भविष्य की स्वच्छ ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में भी पहचान बनाने की तैयारी में है। गोरक्षनगरी में 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीन अमोनिया प्लांट स्थापित करने की योजना है। इसके लिए देश के बड़े नवीकरणीय ऊर्जा समूहों में शामिल एसीएमई ग्रुप ने जमीन की तलाश तेज कर दी है। कंपनी के प्रतिनिधियों की टीम गोरखपुर पहुंचने के बाद गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर पांच में उपलब्ध जमीन का निरीक्षण कर चुकी है। परियोजना के लिए 150 से 200 एकड़ भूमि की जरूरत है। प्लांट स्थापित होने पर करीब 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
यह निवेश केवल एक औद्योगिक इकाई की स्थापना नहीं होगा, बल्कि गोरखपुर को तेजी से उभरते वैश्विक ग्रीन एनर्जी बाजार से जोड़ने का अवसर भी बनेगा। परियोजना के जरिए यहां तैयार होने वाले ग्रीन अमोनिया की मांग उर्वरक, रसायन, बिजली उत्पादन और भविष्य के जहाजों के ईंधन जैसे क्षेत्रों में हो सकती है।
15 हजार करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतरता है तो गोरखपुर को करीब 1000 प्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ निर्माण, परिवहन, रखरखाव और सहायक उद्योगों में भी अवसर मिलेंगे। सबसे अहम यह होगा कि धुरियापार से गोरखपुर की औद्योगिक पहचान पारंपरिक विनिर्माण से आगे बढ़कर भविष्य की स्वच्छ ऊर्जा तकनीक तक पहुंचेगी।
एसीएमई ग्रुप उत्तर प्रदेश में छह औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है। इनके माध्यम से प्रदेश में करीब 95 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। गोरखपुर के अलावा पीलीभीत और गाजियाबाद में भी जमीन की तलाश की जा रही है। परियोजना को लेकर लखनऊ में गीडा, यूपीडा और नोएडा के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है।
ओडिसा में जापान के साथ मिल कर प्लांट लगा रहा एसीएमई ग्रुप
गोरखपुर में इतनी बड़ी परियोजना लगाने की तैयारी कर रहा एसीएमई ग्रुप देश के प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा समूहों में शामिल है। वर्ष 2003 में इसकी स्थापना दूरसंचार कंपनियों के मोबाइल टावरों के लिए ऊर्जा प्रबंधन समाधान उपलब्ध कराने से हुई थी। बाद में समूह ने सौर और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में कदम रखा। अब इसका कारोबार ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया जैसे भविष्य के ऊर्जा क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। ओडिशा के गोपालपुर में ग्रीन अमोनिया संयंत्र के लिए जापान की आइएचआइ कारपोरेशन के साथ भी इसकी साझेदारी है।
इस परियोजना की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता प्रतिवर्ष चार लाख मीट्रिक टन है। ऐसे में गोरखपुर में प्रस्तावित निवेश समूह की देश में ग्रीन एनर्जी क्षेत्र की विस्तार योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। हालांकि गीडा प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि गोरखपुर में ग्रीन अमोनिया प्लांट में मुख्य रूप से उर्वरक का उत्पादन होगा।
खाद ही नहीं, जहाजों के ईंधन में भी होता है इस्तेमाल
ग्रीन अमोनिया का सबसे बड़ा उपयोग उर्वरक उद्योग में है। दुनिया में उत्पादित अमोनिया का बड़ा हिस्सा यूरिया, अमोनियम नाइट्रेट और अन्य नाइट्रोजन आधारित खाद बनाने में इस्तेमाल होता है। इसके अलावा रसायन, दवा, कपड़ा, प्लास्टिक और औद्योगिक शीतलन के क्षेत्र में भी इसकी जरूरत पड़ती है। इसका नया और महत्वपूर्ण उपयोग ऊर्जा क्षेत्र में सामने आ रहा है।
ग्रीन अमोनिया को भविष्य में जहाजों के ईंधन और बिजली उत्पादन के विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे ग्रीन हाइड्रोजन के भंडारण और परिवहन के माध्यम के तौर पर भी देखा जाता है। सामान्य अमोनिया के उत्पादन में जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल होता है, जबकि ग्रीन अमोनिया नवीकरणीय बिजली से तैयार हाइड्रोजन और हवा से प्राप्त नाइट्रोजन की मदद से बनाया जाता है। इस प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन काफी कम किया जा सकता है।
ग्रीन अमोनिया प्लांट परियोजना के संबंध में लखनऊ में बैठक हुई थी। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि गीडा पहुंचे और उन्हें धुरियापार के सेक्टर पांच में उपलब्ध जमीन दिखाई गई। प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि का निरीक्षण किया है। परियोजना की जरूरतों के अनुरूप भूमि चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
-रामप्रकाश, एसीईओ, गीडा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।