प्रयागराज के फाफामऊ कांड को लेकर आप ने किया प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
अनुसूचित जाति के परिवार के साथ हुई इस घटना को शोषित वंचित समाज के साथ बढ़े अपराधों की ताजा नजीर बताते हुए जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद ने कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। प्रयागराज के फाफामऊ में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और परिवार सहित उसकी नृशंस हत्या के मामले में बस्ती में आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ आवाज उठाई। अनुसूचित जाति के परिवार के साथ हुई इस घटना को शोषित, वंचित समाज के साथ बढ़े अपराधों की ताजा नजीर बताते हुए जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद ने कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी देकर पीड़ित के परिवारीजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की।
सम्मान पूर्वक जीने के अधिकार की हुई है हत्या
जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह घटना संविधान में समाज के वंचित, शोषित और गरीब तबके को दिए गए सम्मान पूर्वक जीवन जीने के अधिकार की हत्या है। दो वर्ष से परिवार अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में पुलिस से गुहार लगा रहा था, लेकिन पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। उन्होेंने कहा कि 2022 में योगी सरकार की विदाई पक्की है।
प्रदर्शन में यह रहे शामिल
प्रदर्शन के दौरान कप्तानगंज विधानसभा उम्मीदवार डा. संजय चौधरी, रामनाथ गौतम,जिलाध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ डा. नरेन्द्र चौधरी, जिला महासचिव इरशाद अली, डी. एन. त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, आनंद राजपाल, पतिराम आजाद, उमेश कुमार शर्मा, ऊषा देवी, अजीत कुमार सिंह, भीम प्रसाद, बालकृष्ण, विजय कुमार, सचिन, डा. राम सुभाष वर्मा, दीपचन्द पांडेय, डी. सी. दूबे, राजकुमार, गायत्री देवी, गुडिया देवी,दिनेश यादव,प्रवीन्द्र कुमार, रामबहाल, सुग्रीव, भीम प्रसाद आदि लोग उपस्थित रहे।
चौपाल लगाकर गिनाई सरकार की उपलब्धियां,बनाए नए सदस्य
बस्ती के महाराजगंज में 28 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष वैभव पांडेय ने कार्यकर्ताओं के साथ चौपाल लगाकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कहा भाजपा सरकार बिना किसी भेद भाव के कार्य कर रही हैं। जब से देश में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार बनी है,तब से चहुंमुखी विकास हो रहा है। भाजपा में ना जातिवाद है और ना ही परिवारवाद,यहां सिर्फ राष्ट्रवाद चलता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
मिस्ड काल कराकर बनाए गए सदस्य
इस मौके पर 7405403403 पर मिस्डकॉल करा सैकडों लोगों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई । अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संतोष मद्धेशिया व संचालन महामंत्री आजाद सोनी ने किया। प्रमुख प्रतिनिधि भोला निषाद , विरेन्द्र गौतम,अतुल तिवारी, जटाशंकर प्रजापति,श्याम कसौधन, सरदार अहमद,बिनोद प्रधान ,आशीष सोनकर ,रामतेज चौधरी, रामतेज कसौधन सहित अन्य मौजूद रहे।