गोली मारने के मामले में गोरखपुर का एक बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे चढ़ा
शहर के गोरखपुर रोड पर रेमंड शोरूम के सामने रेस्टोरेंट संचालक के पुत्र शुभम मद्धेशिया को गोली मारने के मामले में पुलिस के हाथ दूसरा बदमाश भी लग गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम का पिस्टल बरामद किया गया है।
देवरिया : शहर के गोरखपुर रोड पर रेमंड शोरूम के सामने रेस्टोरेंट संचालक के पुत्र शुभम मद्धेशिया को गोली मारने के मामले में पुलिस के हाथ दूसरा बदमाश भी लग गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त नाइन एमएम का पिस्टल बरामद किया गया है। बदमाश गोरखपुर के पिपराइच गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस कुशीनगर के रहने वाले मुख्य आरोपित को एक दिन पूर्व हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले का पर्दाफाश करने के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी है।
17 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे शहर के कैलाशपुरी के रहने वाले रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र मद्धेशिया के पुत्र शुभम मद्धेशिया के गर्दन में बदमाशों ने गोली मार दी। उनका इलाज केजीएमयू लखनऊ में चल रहा है। स्वजन के मुताबिक शैलेंद्र की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। दूसरी तरफ पुलिस की छानबीन में पता चला है कि मुख्य आरोपित कुशीनगर का रहने वाला पूर्व साझेदार का पुत्र है। उसने गोरखपुर के पिपराइच गांव के रहने वाले तीन बदमाशों को घटना को अंजाम देने के लिए बुलाया था। उसने ही घटना को अंजाम देने का प्लान बनाया था। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया है। शेष दो बदमाश अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपित के अलावा गोरखपुर का एक बदमाश पकड़ लिया गया है। उसके पास से नाइन एमएम का पिस्टल भी बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद कर लिए गए हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस ने घटना में प्रयोग हुए वाहन भी किए बरामद
पुलिस की मानें तो घटना में बुलेट का प्रयोग नहीं किया गया। बदमाशों ने पल्सर व स्कूटी का प्रयोग किया है। पुलिस ने दोनों वाहन को भी बरामद कर लिया है।