सोनौली Border पर रोके गए 360 भारतीय नागरिक Gorakhpur News
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों के आने का क्रम जारी है। मंगलवार को सोनौली बार्डर से केवल यूपी के लोगो को प्रवेश कराया गया। बाकी दूसरे प्रदेशों के 360 लोग बार्डर पर रोक दिए गए हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को भारत-नेपाल की सोनौली सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश को लेकर मंगलवार की रात आठ बजे तब गतिरोध पैदा हो गया जब अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश को छोड़ भारत के अन्य प्रदेशों के निवासियों को भारत में प्रवेश नहीं मिल पाएगा। सीमा पर तैनात भारतीय अधिकारियों ने यूपी के अलावा अन्य प्रदेशों के निवासियों को प्रवेश देने से इंकार कर दिया। जिसके चलते झारखंड, बिहार व बंगाल के 360 लोग नेपाल में फंस गए हैं।
शासन से चल रही वार्ता
भारतीय अधिकारियों का कहना है कि विदेश मंत्रालय द्वारा जारी गाइड लाइन में यह लिखा गया है कि सोनौली सीमा से 26 से 29 मई तक प्रतिदिन सिर्फ उत्तर प्रदेश के 500 सौ नागरिकों को लिया जाना है। अन्य प्रदेशों के निवासियों के भारत प्रवेश के संबंध में कोई दिशा निर्देश नहीं मिला है। महराजगंज के जिलाधिकारी डा.उज्ज्वल कुमार ने बताया कि 29 मई तक सिर्फ यूपी के नागरिकों को प्रवेश देने को कहा गया है। अन्य प्रदेशों के जो नागरिक सोनौली सीमा पर पहुंच गए हैं, उन्हें भी भारत में प्रवेश दिलाने के लिए शासन से वार्ता की जा रही है।
यूपी के 172 लोगों को मिला भारत में प्रवेश
मंगलवार की रात नेपाल के विभिन्न शहरों में फंसे उत्तर प्रदेश के 172 नागरिक सोनौली सीमा के रास्ते अपने वतन लौटे। इनमें अधिकांश लोग सोनभद्र, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर व महराजगंज जिले के निवासी हैं। सभी को बसों से आब्रजन ऑफिस लाया गया। यहां रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें अगले गतंव्य स्थान के लिए भेज दिया गया। वहीं दूसरी तरफ सोनौली कस्बे में पहुंचे 768 नेपाली नागरिकों को मंगलवार की रात उनके देश भेजा गया।
भारतीय नागरिकों की तलाश में जुटा नेपाल प्रशासन
मंगलवार को प्रथम चरण में 492 नागरिकों को नेपाल से भारत लाने के लिए सूची तैयार की गई थी, लेकिन शाम तक सूची में अंकित सभी नागरिक सोनौली सीमा पर नहीं पहुंचे। जिसको लेकर नेपाल प्रशासन उनकी तलाश में जुटा है। भैरहवा के डीएसपी केबी खत्री ने बताया कि जो भारतीय नागरिक अभी तक सोनौली सीमा तक नहीं पहुंचे हैं , उनका पता लगाया जा रहा है। कुछ नागरिकों के दूसरी सीमा से भारत में प्रवेश करने की सूचना है।