इस तिथि से माघ मेला के लिए चलेंगी 351 स्पेशल बसें, जानें-कहां की गई है व्यवस्था Gorakhpur News
श्रद्धालुओं के लिए रेलवे बस डिपो से 75 राप्तीनगर डिपो से 55 देवरिया डिपो से 52 बस्ती डिपो से 76 सिद्धार्थनगर डिपो से 30 निचलौल 20 और पडऱौना डिपो से 15 बसें चलाई जाएंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। माघ मेला के दौरान संगम में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोरखपुर परिक्षेत्र से कुल सात डिपो से प्रयाग के लिए 351 स्पेशल बसें चलाने की घोषणा की है। स्पेशल बसें 23 जनवरी से एक फरवरी तक कुल दस दिन तक चलाई जाएंगी। पहचान के लिए बसों पर मेला के स्टीकर लगे होंगे। यात्रियों को संशोधित नए रेट से ही किराया देना पड़ेगा।
मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी के लिए अतिरिक्त व्यवस्था
प्रयाग के संगम तट पर मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में इन पर्वों पर श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, शासन के दिशा- निर्देश पर परिवहन निगम ने स्पेशल बसे तैयार कर ली हैं।
21 जनवरी की शाम तैयार रहेंगी बसें
सभी स्पेशल बसें प्रयाग रवाना होने के लिए 21 जनवरी की शाम तक तैयार हो जाएंगी। रास्ते में बसों की मरम्मत आदि के लिए मोबाइल वाहनों की भी व्यवस्था रहेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
यहां पर स्थापित होंगे चेक प्वाइंट
निगरानी के लिए कौड़ीराम, दोहरीघाट और जौनपुर में चेक प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। जगह-जगह कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे। सोनौली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीके भास्कर को मेला अधिकारी नामित किया गया है। उनके नेतृत्व में ही बसों का संचालन होगा।
यहां से चलाई जाएंगी बसें
रेलवे बस डिपो से 75, राप्तीनगर डिपो से 55, देवरिया डिपो से 52, बस्ती डिपो से 76, सिद्धार्थनगर डिपो से 30, निचलौल 20 और पडऱौना डिपो से 15 बसें चलाई जाएंगी।