सतर्कता के साथ कर्तव्य का पालन करें पुलिस कर्मी : डीआइजी
अधिकारियों व कर्मियों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी
गोंडा: कर्तव्यपथ पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में डीआइजी, एसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
डीआइजी डॉ. राकेश सिंह ने कर्तव्यपथ पर बलिदान देने वाले शहीद पुलिस कर्मियों को याद कर उनके सम्मान में पुष्प अर्पित किया। कहा कि समाज सेवा व आमजनता की सुरक्षा के लिए हर साल कई पुलिस कर्मी शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को अपने कौशल का प्रयोग कर पूर्ण सतर्कता के साथ कर्तव्य का पालन करें। पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि पुलिस कर्मियों पर आमजनता बहुत भरोसा करती है। इस भरोसे को बनाए रखने की जरूरत है। कई बार ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी शहीद हो जाते हैं। यह क्षण पुलिस परिवार के लिए बहुत ही दु:खद होता है। पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस जवानों ने शहीदों को सलामी दी। इस दौरान एएसपी महेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।