पुरुष प्रधान देश में महिलाएं आज भी उचित सम्मान से वंचित
मिशन शक्ति अभियान सोच बदलने में कारगर सिद्ध होगा प्रो0 तुहिना वर्मा
संसू, अयोध्या: अवध विश्वविद्यालय के वीमेन ग्रीवांस एंड वेलफेयर सेल ने प्रदेश सरकार की ओर से शुरू किये गये मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत वेबिनार आयोजित किया। मुख्यवक्ता लखनऊ विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की डॉ. ललित सिंह ने कहा कि समाज को महिलाओं के प्रति संवेदनशील होना चाहिए, जिससे महिलाओं के भीतर छिपी हुई प्रतिभा को पहचान सके। डॉ. सिंह ने बताया कि बालिकाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाने की जरूरत है, इसी से उनके ऊपर होने वाले अपराध को कम किया जा सकता है। इससे उन्हें सामाजिक मजबूती भी मिलेगी। कहा कि देश में पुरुष प्रधान सोच के कारण महिलाओं को आज भी उचित स्थान एवं सम्मान नहीं मिल पा रहा है। लैगिक विभेद की सोच से उबरना होगा।
सेल की समन्वयक प्रो. तुहिना वर्मा ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान समाज में महिलाओं के प्रति सबकी सोच बदलने में कारगर सिद्ध होगा। कार्यक्रम में नारी सुरक्षा शीर्षक पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई। संचालन इंजीनियर मनीषा यादव ने किया। इस मौके पर राजीव कुमार, कुलसचिव उमानाथ, सेल की सहसमन्वयक डॉ. सिधु सिंह, डॉ. सरिता द्विवेदी जुड़ी रहीं।