चुनावी रंजिश में भिड़े दो पक्ष, फायरिग, 19 पर मुकदमा
चुनावी रंजिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार की रात
गोंडा : चुनावी रंजिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार की रात तरबगंज के घांचा बीकापुर में चुनावी रंजिश में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। फायरिग में चार लोग घायल हो गए हैं। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से 19 के खिलाफ मुकदमा किया गया है।
तरबगंज के घांचा बीकापुर में पूर्व प्रधान चितामणि पांडेय और अनिल पांडेय के बीच चुनावी झड़प हुई। बताया जाता है कि एक पक्ष गांव में प्रचार के दौरान कुछ महिलाओं को साड़ी बांट रहा था, यह जानकारी जब दूसरे पक्ष को हुई तो वह उसे रोकने के लिए निकल पड़े। रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कई राउंड फायरिग हुई, इसमें चार लोग घायल हो गए। वर्तमान में जिला अस्पताल में अखिलेश पांडेय व रमेंद्र नाथ पांडेय भर्ती कराए गए हैं। इनका इलाज चल रहा है। अनिल पांडेय के पक्ष ने स्थानीय पुलिस पर घटना के बाद मुकदमा लिखने से इनकार किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि विवाद की सूचना मिलते ही एसपी शैलेश पांडेय, एएसपी शिवराज पुलिस बल के साथ मौके पर पहंच गए। पूरे मामले की जानकारी ली गई। क्षेत्राधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि अनिल पांडे व चितामणि पांडेय के बीच विवाद की सूचना मिली है। दोनों पक्षों से चार लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। किसी को भी गोली नहीं लगी है। मौके पर फायरिग का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस टीम मौके पर है, मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं, तरबगंज थाने में इस मामले में दोनों तरफ से मुकदमा किया गया है। इसमें 11 को नामजद करते हुए आठ अज्ञात के खिलाफ किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।