अभ्यर्थी से बने शिक्षक, नियुक्ति पत्र पाकर भर आई आखें
69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत चयनित 109 अध्यापकों को
गोंडा : 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत चयनित 109 अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किया। इसे पाकर नवनियुक्त शिक्षकों की आंखें भर आईं।
28 व 29 जून को काउंसलिग कराने के बाद से अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को उनका सपना साकार हुआ। समारोह आयोजित करके नियुक्ति पत्र दिया गया। 54 शिक्षकों को समारोह स्थल पर नियुक्ति पत्र मिला। वहीं, 53 शिक्षकों को बीएसए कार्यालय में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र ने कहा कि सरकार युवाओं के साथ खड़ी है। उनको नौकरी व रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है।
डीएम मार्कण्डेय शाही ने कहा कि शिक्षा से राष्ट्र का निर्माण होता है। नवनियुक्त शिक्षकों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, कर्मठता, लगन व तत्परता से काम करने को प्रोत्साहित किया। विधायक बावन सिंह, प्रेम नारायन पांडेय, विनय द्विवेदी व भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी ने शिक्षकों को संबोधित किया। बीएसए डॉ. विनय मोहन वन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, रमा शंकर मिश्र, वेद प्रकाश दुबे, महेंद्र सिंह, गणेश गुप्ता, राकेश तिवारी, दिवाकर मिश्र, रघुनाथ पांडेय मौजूद रहे। लड्डू खिलाकर दी बधाई
डीएम ने दिव्यांग सिद्धराज को नियुक्ति पत्र दिया। शिक्षक की आंखें भर आईं। डीएम ने लड्डू खिलाकर बधाई दी। अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह भेंट किया। अन्य शिक्षक भी नियुक्ति पत्र पाकर गदगद दिखाई पड़े। हाल में हो गया अंधेरा
सभागार में कार्यक्रम शुरू हुआ। दूरदर्शन पर शिक्षामंत्री के संबोधन का प्रसारण दिखाया जा रहा था कि बत्ती चली गई। इससे हाल में अंधेरा हो गया। जनरेटर चलाया गया। उसके बाद एक बार फिर से प्रसारण शुरू हुआ।