समय से गुरुजी आते न होती पढ़ाई, छात्रों को करनी पड़ती सफाई
गोंडा : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। गुरुजी समय से विद्यालय नहीं पं
गोंडा : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। गुरुजी समय से विद्यालय नहीं पंहुच रहे हैं। छात्र विद्यालय परिसर में गुरुजी का घंटों इंतजार करते दिखाई दिए। शुक्रवार को जागरण टीम के निरीक्षण में विद्यालय बंद मिले। छात्र झाड़ू लगाते देखे गए। मुजेहना ब्लॉक में 134 प्राथमिक व 34 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। शुक्रवार को जागरण टीम ने कुछ परिषदीय विद्यालयों की स्थिति की पड़ताल की तो हकीकत सामने आ गयी।
प्राथमिक विद्यालय अहिरनपुरवा
समय 8:15 सुबह
-विद्यालय परिसर में दो छात्र सत्यम व दयाशंकर गुरुजी के आने का इंतजार कर रहे थे। बताया कि गुरुजी रोज नौ बजे तक आते हैं। हम लोग पहले आ गए हैं। बैठकर काम पूरा कर रहे हैं।
वहीं सुबह 8:30 बजे प्राथमिक विद्यालय दुल्हापुर मुखिया का मुख्य द्वार खोलकर परिसर में गुरुजी का इंतजार करते छात्र दिखाई दिए। छात्र विपिन, आशू, ¨प्रस, सर्वेश, अमित, संजय, आकाश ने बताया कि गुरुजी अभी नहीं आए हैं।
प्राथमिक विद्यालय सिगारिकपुरवा
समय 8:45 बजे
-विद्यालय में सहायक अध्यापक सुचित्रा ¨सह उपस्थिति थीं। उन्होंने बताया कि एक अध्यापक अवकाश पर हैं तथा दूसरे छात्रों के लिए जूता-मोजा लाने गए हैं। विद्यालय में 158 छात्र पंजीकृत हैं। छात्र अरमान अली ने बताया कि मिड डे मील रोज बनता है। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक आमोद मिश्र उपस्थिति थे। विद्यालय में आदित्य, संजय, अंकुश आदि छात्र ही मिले, यहां फर्श टूटी हुई थी।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ
समय 9:15 बजे
एक छात्रा कमरे में झाडू लगा रही थी। बेंच टूटी हुई थी। शिक्षकों की उपस्थिति नहीं हो पायी थी। प्रियांशी, सूरज कुमार, अनुप्रिया शिक्षण कक्ष में बैठकर गुरुजी का इंतजार करते दिखाई दिए। छात्रों ने बताया कि प्रत्येक दिन सफाई की जिम्मेदारी अलग-अलग हम लोगों को मिली है। आंचल यादव के अभिभावक ओम प्रकाश ने बताया कि किसी-किसी दिन विद्यालय तक एक भी अध्यापक नहीं पहुंचते हैं।
जिम्मेदार के बोल
खंड शिक्षा अधिकारी रामराज ने बताया कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित होना गलत है।