महिलाओं को दी गई स्वावलंबन की सीख
सभी थानों में खोला गया महिला हेल्प डेस्क अभियान चलाकर 643 लोगों पर हुई कार्रवाई
गोंडा, मिशन शक्ति के तहत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान ने महिलाओं व बेटियों में गजब का जोश भरा है। पीड़ित महिलाओं व बेटियों ने जहां मुखर होकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आवाज बुलंद की है वहीं उन्हें स्वावलंबन की सीख भी मिली।
मिशन शक्ति के तहत सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई। मंशा है कि इस डेस्क के माध्यम से महिलाओं व बेटियों की समस्याओं का निस्तारण तत्काल प्रभाव से किया जाए। पीड़ित से पुलिस कर्मी संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याएं सुनें। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वायड व महिला पुलिस कर्मियों की टीमों ने जिले भर में जागरूकता अभियान चलाए। बेटियों को आत्मसुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। बीते 17 अक्टूबर से चलाए गए अभियान के तहत 643 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 275 लोगों से पुलिस ने माफीनामा भरवा कर छोड़ा। इस दौरान छेड़खानी व घरेलू हिसा के 14 मामले सामने आए। छेड़खानी के आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। वहीं अभियान चलाकर वांछित आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। अहम बात यह है कि जागरूकता अभियान के साथ ही विद्यालयों सहित अन्य स्थानों पर चलाए गए कार्यक्रमों में महिलाओं को स्वावलंबन की सीख भी दी गई। शिक्षा व रोजगार की मुख्य धारा से बेटियों व महिलाओं को जोड़ने के लिए बिदुवार जानकारी दी गई।