गोंडा में टेढ़ी नदी में डूबने से श्रमिक समेत दो की मौत, एक का उतराता मिला शव
गोंडा में टेढ़ी नदी दो परिवारों के लिए मातम का कारण बनी, जहां अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। एक युवक का शव कोड़री गांव के पास उतराता मिला।
-1795950930366_m.webp)
जांच करते पुलिस कर्मी। फोटो जागरण
HighLights
कोड़री गांव के पास राजबाबू का शव नदी में उतराता मिला।
उर्दी गोंडा पुल से गिरकर श्रमिक शिवनाथ मांझी की मौत हुई।
टेढ़ी नदी में डूबने से दो परिवारों में मातम छा गया।
संवाद सूत्र, कटराबाजार (गोंडा)। टेढ़ी नदी रविवार को दो परिवारों के लिए मातम का सबब बन गई। अलग-अलग स्थानों पर नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। कोड़री गांव के पास नदी में घर से लापता युवक का शव उतराता मिला, जबकि उर्दी गोंडा गांव के पास पुल से गिरकर बिहार निवासी श्रमिक की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई।
पहली घटना कोड़री गांव के पास की है। राजगढ़ अमीनपुर निवासी राजबाबू उर्फ मंटू शनिवार को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवारीजन ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह कोड़री गांव के पास टेढ़ी नदी में उनका शव उतराता दिखाई दिया। नदी से उनकी साइकिल भी बरामद हुई। राजबाबू खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी डेजी पांडेय, दो बेटियां गौरी, गौरवी, तीन बेटे नैतिक, कार्तिक और सैनिक हैं।
परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दूसरी घटना उर्दी गोंडा गांव के पास टेढ़ी नदी पर बने पुल की है। शनिवार देरशाम बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना के गमसरा नहर सराय निवासी शिवनाथ मांझी पुल से नीचे गिरकर गहरे पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद साथी सुबोध राम ने माधवपुर पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी।
चौकी प्रभारी शुभम दूबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। शिवनाथ के परिवारीजन को सूचना दे दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।