12वीं छात्रा सृष्टि बनी एक दिन की अफसर, संभाली गोंडा डीएम की कमान; लोगों की सुनी फरियाद
गोंडा में मिशन शक्ति अभियान के तहत पांच छात्राओं को एक दिन के लिए डीएम, डीआईओएस और बीएसए बनने का अवसर मिला।

HighLights
मिशन शक्ति में पांच छात्राएं बनीं एक दिन की अफसर।
सृष्टि शुक्ला ने गोंडा डीएम का पद संभाला, अनुभव लिया।
अन्य छात्राओं ने डीआईओएस, बीएसए की जिम्मेदारी निभाई।
जागरण टीम, गोंडा। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले की पांच छात्राएं एक दिन के लिए डीएम, डीआइओएस व बीएसए बनीं और विभाग के कामकाज की जानकारी ली।
कर्नलगंज में कन्हैयालाल इंटर कॉलेज के इंटरमीडियट की छात्रा व गाड़ीबाजार निवासी सृष्टि शुक्ला को डीएम की जिम्मेदारी दी गई। डीएम प्रियंका निरंजन ने सृष्टि की कुर्सी अपने बगल लगवाई और संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों व उसके समाधान के बारे में बताया।
छात्रा ने कहा कि डीएम के रूप में कुर्सी पर बैठने वह खुश हैं। यह बड़ी जिम्मेदारी वाला पद है। वह भी सिविल सेवा के लिए तैयारी करेंगी।
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के इंटरमीडियट की छात्रा पलक श्रीवास्तव एक दिन के लिए डीआईओएस बनीं और कार्यालय में बैठकर कर्मचारियों से जानकारी ली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय झंझरी के कक्षा सात की छात्रा महक वर्मा व कक्षा आठ की पलक भारती, बंधन गुप्ता को 30-30 मिनट के लिए बीएसए की जिम्मेदारी दी गई।
